उरई। राठ रोड स्थित विनायक एकेडमी के 5 फरवरी से लापता चैथी क्लास के छात्र योगेंद्र राजपूत की तलाश का जिम्मा निकम्मे कोतवाल से छीनकर सीओ सिटी ने स्वयं अपने हाथ में ले ली है। उन्होंने गांधी चबूतरे पर भूख हड़ताल कर रहे लापता छात्र के परिजनों को आश्वस्त किया कि वे अपनी जांच में कोई कसर नही छोड़ेगें। सीओ की इस पहल से प्रभावित होने के बावजूद परिजनों ने अभी तक अपना धरना और अनशन समाप्त नही किया।
विनायक एकेडमी के मासूम छात्र योगेंद्र राजपूत को लापता हुए आज 56 दिन हो चुके हैं। ऊपर वाला उसकी उम्र लंबा करे लेकिन इतने दिनों से उसके लापता रहने से गैरों की ही नही परिवार वालों की उम्मीदें भी उसके जिंदा रहने को लेकर टूट गई हैं। लापता बच्चे के साथ क्या गुजर रही होगी इस कल्पना ने लोगों को हिलाकर रख दिया लेकिन अगर किसी को इससे कोई फर्क नही पड़ा तो वे शहर कोतवाली के आराम तलब प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना और उनकी टीम रही। परिजन ही नही जिम्मेदार शहरी तक कह रहे है कि शहर कोतवाल पर विनायक एकेडमी के प्रबंधन ने कुछ ज्यादा ही वजन रख दिया था। जिसकी वजह से उन्होंने अपनी इंसानियत को सो जाने के लिए मजबूर कर दिया। अगर पुलिस ने मासूम के जीवन के सवाल को समझा होता तो शायद अभी तक उसका सुराग निश्चित रूप से लग गया होता। लेकिन पुलिस ने तो इस मामले को इतने ठंडे बस्ते में डाल दिया था कि कोतवाली में इसकी चर्चा तक नही की जा रही थी।
सोमवार को जब परिजन अपनी गुहार लेकर सड़कों पर आ गये तो नये पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार के कानों तक कोतवाली पुलिस की लापरवाही की भनक पहुंच गई। उन्होंने रात में ही पेंच कसे और आज मामले की जांच सीओ सिटी डाॅ. जंगबहादुर सिंह को व्यक्तिगत रूप से सौंप दी। सीओ सिटी ने इसके बाद अनशन स्थल पर जाकर बच्चे के दुखी परिजनों से बात की। आज से ही पुलिस की सक्रियता का आलम देखने को मिलने लगा। सीओ सिटी ने नये सिरे से मामले से जुड़े सारे पक्षों से बातचीत की है। साथ ही कुछ संदिग्धों को उठाकर कोतवाली भी लाया गया है।







Leave a Reply