उरई। 18 महीने से जेल में बंद हिंदू जागरण मंच के नेता मनुराज द्विवेदी की आज जेल से रिहाई के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत फूल-मालाएं लादकर हीरो की तरह किया। दूसरी ओर धर्मांतरण कराने के संदेह में सिर मुड़ाकर एक व्यक्ति को गधे पर बैठाकर घुमाये जाने के मामले में वांछित तीन बजरंगियों ने आज अदालत में समर्पण कर दिया।
जालौन में चाकूजनी की घटना के बाद उत्पन्न सांप्रदायिक तनाव के मामले में मनुराज द्विवेदी को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन पर रासुका तामील कर दी गई थी। पिछले 18 माह से वे जेल में बंद थे। इसी बीच जमानत मिलने के बाद आज जब वे जेल से रिहा हुए तो उनका अभिनंदन करने के लिए बजरंग दल के प्रांत संयोजक कुशलपाल सिंह, रामजी तिवारी, सोनू राजावत झांसी, तीरथ जी कदौरा, निमिष जी, रोहित तिवारी और भाजपा की प्रदेशीय नेता उर्विजा दीक्षित उपस्थित रहीं। मनुराज तिवारी को फूल मालाएं पहनाई गई और इस दौरान जोरदार नारेबाजी कर हिंदुत्व के लिए दृढ़ प्रतिबद्धता दर्शाई गई।
उधर धर्मांतरण को लेकर एक व्यक्ति को सिर मुड़ाकर गधे पर घुमाये जाने के मामले में वांछित कुलदीप सिंह गौर, शैलेंद्र सिंह राजावत और अजय तिवारी ने आज आत्मसमर्पण कर दिया। इन लोगों के खिलाफ पुलिस ने दबाव बनाने के लिए कुछ दिन पहले ही 82 की कार्रवाई का आदेश प्राप्त कर लिया था। इनके समर्पण के समय हिंदू संगठनों से जुड़ कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।







Leave a Reply