उरई। सभी अटकलों को विराम देते हुए शासन द्वारा जनपद के लिए नियुक्त नई जिलाधिकारी संदीप कौर ने मंगलवार की शाम उन्नाव से यहां पहुंचकर अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार से पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान जिलाधिकारी रामगणेश अपर जिलाधिकारी को अपना चार्ज सौंपकर रवाना हुए थे।
कार्यभार संभालने की रस्म के तहत नई जिलाधिकारी कोषागार पहुंची जहां उन्होंने अपने हस्ताक्षर के नमूने दिये। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पहुंचकर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार और अन्य सीनियर अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी संक्षिप्त वार्ता की। प्राथमिकता के सवाल पर संदीप कौर ने कहा कि प्रशासन को शासन की प्राथमिकता के मुताबिक कार्य करने होते हैं। अवैध खनन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके लिए निश्चित रूप से यह एक चैलेंज है, वे इसे बंद कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।
गौरतलब है कि कुशीनगर के जिलाधिकारी लोकेश एम का जालौन जिले के लिए स्थानांतरण निरस्त होने के बाद महोबा भेजी जा रही संदीप कौर का तबादला बदलकर जालौन के लिए कर दिया गया था जबकि मुख्यमंत्री के 31 मार्च के दौरे को देखते हुए महोबा के जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह का तबादला निरस्त कर दिया गया था। बंुदेलखंड की इस ट्रिप में हालांकि मुख्यमंत्री को जालौन नही आना है लेकिन अनुमान किया जा रहा है कि उनके महोबा, बांदा व चित्रकूट के दौरे के समय जालौन सहित झांसी मंडल के जिलों के जिलाधिकारी भी उनके सामने उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री को ब्रीफ करने की सुविधा की दृष्टि से इसीलिए नये जिलाधिकारी की बजाय निवर्तमान जिलाधिकारी रामगणेश को ही फिर से बुला लिये जाने की अटकलें चल पड़ी थी। लेकिन आज संदीप कौर को अविलंब जालौन पहुंचने का आदेश शासन से जारी होते ही इन अटकलों को विराम लग गया। उन्होंने दोपहर में उन्नाव में जल्दी-जल्दी में सहयोगियों द्वारा दी गई विदायी को स्वीकार किया और तत्काल यहां के लिए चल पड़ी। उन्होंने कार्यभार संभालने के साथ ही मुख्यमंत्री की क्लास के लिए अपडेट होने की तैयारी शुरू कर दी। अधिकारियों के साथ सूखे से जुड़ी सारी जानकारियां, खाद्य सुरक्षा सहित राहत के सभी कार्यक्रमों की अद्यतन जानकारी और प्रस्तावित अन्य सूखा राहत कार्य योजना का पूरा ब्यौरा उन्होंने प्राप्त किया।
गौरतलब है कि संदीप कौर के लिए जिलाधिकारी के रूप में यह पहली जिम्मेदारी है। मूल रूप से पंजाब की रहने वाली संदीप कौर 2009 बैच की अधिकारी है। उन्होंने अपनी सेवा की विधिवत् शुरूआत बुलंदशहर में एसडीएम के रूप में कार्य करके की। इसके बाद उन्होंने हरदोई और उन्नाव में बतौर सीडीओ विकास कार्यों के संचालन का अनुभव प्राप्त किया। नई होने के नाते उनसे बेलाग होकर अभिनवीकरण का परिचय देते हुए लगन के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को संभालने की उम्मीदें संजोई जा रही हैं।







Leave a Reply