अगले अप्रैल माह में ही लड़की की भांवर पडनी थी
पुलिस का कहना है कि मामला दूसरा ही है
27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceकोंच-उरई। कोतवाली क्षेत्र के उक गांव में भोर के तीन बजे एक घर में घुस कर तमंचे के बल पर लूटपाट करने और असलहों के बल पर सयानी लड़की को बलात् अपहृत कर देने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहां गौर तलब यह है कि अगले महीने ही लड़की की शादी होने वाली है जिसके चलते परिजनों को चिंता है कि उसके साथ किसी तरह की ऊंचनीच न हो जाये। बताया गया है लूटपाट में गांव के एक व्यक्ति के अलावा आधा दर्जन और लोग भी शामिल हैं, इन बदमाशों ने लगभग डेढ़ लाख की नकदी, तीन तोले सोने के जेबर तथा कुछ चांदी के गहने भी लूटे हैं। इस मामले में पुलिस का नजरिया दूसरा ही है, उसके मुताबिक लड़की अपनी मर्जी से गई है लेकिन फिर भी वह उसे बरामद करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं उठा रखेगी।
मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ब्यौना रियासत निवासी जगमोहन पुत्र रामभरोसे परिहार ने आज कोतवाली में तहरीर देकर बताया है कि बीती रात घर में सभी लोग सोये हुये थे तभी भोर के तकरीबन तीन बजे उसे खटपट की आवाजें सुनाई दीं। घर में जाग हो गई, घर के लोगों ने देखा कि चार पांच लोग घर में घुसे हैं उनके हाथों में तमंचे आदि असलहे थे जिन्हें दिखाते हुये उन्होंने परिजनों को धमकाया और अलमारी में रखे डेढ लाख रूपये, अंगूठी, जंजीर, कानों के बाले, तोडियां आदि उन्होंने लूट लीं और तमंचे की नोंक पर उनकी सयानी लड़की के मुंह में कपड़ा ठूंस कर उसका अपहरण कर ले गये। उसकी पत्नी ने उन बदमाशों में से एक की पहचान गांव के ही सत्येन्द्र यादव पुत्र उजागर सिंह के रूप में की है, जबकि अन्य लोगों को वह नहीं पहचान सकी है। सूचना को गंभीरता से लेकर पुलिस मामले की तहकीकात करने गांव पहुंची हुई है। कोतवाल मनवीर सिंह ने इसे लूटपाट या अपहरण की घटना मानने से साफ इंकार करते हुये कहा है कि इस मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। पुलिस की अगर मानें तो फिलहाल, मामला कुछ और ही है। बताया गया है कि अगले माह ही लड़की की भांवर पडने बाली थी और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रहीं थीं। आज लग्न पत्रिका भी लिखी जानी थी लेकिन इस घटना ने सब कुछ तहस नहस कर के रख दिया है। लूट में गया सामान लड़की के पिता ने दहेज के लिये जुटाया था।

Leave a Reply