कोंच-उरई। शैक्षिक सत्र के समापन पर अपनी सेवा के सफल 62 वर्ष पूरे करने के उपरांत सेवानिवृत्त हुये प्राथमिक विद्यालय भेंड़ के इंचार्ज प्रधानाध्यापक रामबाबू निरंजन का विद्यालय परिवार ने भरपूर सम्मान किया। सम्मान की इस घड़ी में कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त शिक्षक बलराम ओझा ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सह समन्वयक कनासी अजय सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शिक्षक संघ नदीगांव के अध्यक्ष कृष्णकांत वाजपेयी ने किया।
सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र पर अतिथियों द्वारा माल्यार्पण किया गया तत्पश्चात सेवानिवृत्त हुये रामबाबू निरंजन को तिलक लगाकर विद्यालय परिवार द्वारा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये सह समन्वयक अजयसिंह ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता बस विभागीय प्रक्रिया का अनुपालन होता है क्योंकि अब उसकी जिम्मेदारी समाज के अंदर उन नये आयामों की स्थापन की हो जाती है जिनका अनुभव पिछले 62 वर्षों में किया गया है। शिक्षक संघ नदीगांव ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णकांत वाजपेयी ने कहा कि विदाई एक कठिन और परीक्षा का समय है क्योंकि अपने बीच रहकर एक अंजाना गहरा रिश्ता स्थापित हो जाता है जो अनवरत चलता है। कोई सेवानिवृत्ति इसे तोड़ नहीं सकती है। इस दौरान प्रतिमा निरंजन, प्रीति उदैनिया, मेघा द्विवेदी, संगीता पटेल, इन्दिरा पटैरया, प्रतिभा, अनिल कुमार, रामप्रकाश, मुकेश बाबू, वीरेन्द्र सिंह, नूतन शुक्ला, रामलला पटेल, लल्लूराम, जयदेवी, राजकुमारी सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।






Leave a Reply