सहायता वितरण कार्यक्रम चुनावी जलसे में हुआ तब्दील
05orai02 05orai01उरई। समाजवादी पार्टी के विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों और अन्य नेताओं के जमघट के बीच अंत्योदय कार्ड धारकों को समाजवादी खाद्यान्न पैकेट वितरित किये गये जिसमें आटा, चने की दाल, देशी घी, दूध पाउडर और 25 किलो आलू की जाली बंद थैली अलग से शामिल थी। इस दौरान हितग्राहियों को संबोधित करते हुए सदर विधायक सहित समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उनसे कहा कि वे राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार कर अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का माहौल तैयार करें तांकि उन पर किया जा रहा यह एहसान चुकता हो सके।
कालपी रोड स्थित नवीन मंडी स्थल परिसर में अंत्योदय कार्ड धारकों को राहत पैकेट के वितरण का इंतजाम किया गया था। इस दौरान दुर्घटना में दिवंगत 16 किसानों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की बीमा की चैक भी जिलाधिकारी संदीप कौर ने सौंपी। वितरण कार्यक्रम शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के नेताओं के भाषण हुए। जिसमें मुख्य रूप से सदर विधायक दयाशंकर वर्मा, माधौगढ़ से प्रत्याशी लाखन सिंह कुशवाहा, कालपी से प्रत्याशी विष्णुपाल सिंह नन्नू राजा, नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन और जिला पंचायत की संचालन समिति के सदस्य दीपराज गुर्जर शामिल रहे। दयाशंकर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राहत पैकेट वितरण की तरह गरीबों और कमजोरों की मदद के लिए कई ऐसी योजनाएं चला रखी हैं जिनकी जानकारी लोगों तक नही है। चुनावी वर्ष में अभियान चलाकर घर-घर ऐसी जानकारियां पहुंचाई जायेंगी। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नेता युद्धवीर सिंह कंथरिया ने किया।
जिलाधिकारी संदीप कौर ने इस अवसर पर कहा कि किसानों को इस भ्रांति का निराकरण कर लेना चाहिए कि उन्हें प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्राप्त कोई भी बजट लौटाया गया है। उन्होंने कहा कि ओला पीड़ितों की सर्वे रिपोर्ट अभी तक पूरी तरह प्राप्त नही हुई थी। 7 अप्रैल तक यह रिपोर्ट दाखिल करने के निर्देश सभी उपजिलाधिकारियों को दिये गये हैं। इस आधार पर प्रत्येक प्रभावित किसान को सहायता राशि उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने गर्मी के दिनों में सूखे के कारण संभावित पेयजल संकट के प्रति प्रशासन की पूरी सतर्कता को लेकर लोगों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि गंभीर स्थिति वाले क्षेत्रों में तत्परता पूर्वक टैंकर भेजने का इंतजाम है। मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत 40 नलकूप भी समय रहते स्थापित करने की तैयारी की जा रही है जिससे सिचाई और पेयजल दोनों मामलों में लोगों को राहत मिलेंगी। इसके पूर्व मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह ने कहा कि खातों की गड़बड़ी की वजह से जिन किसानों के खातों में भेजी गई राहत राशि का पैसा वापस लौट आया है वे निराश न हों। ऐसे सभी किसानों को खाता नंबर संशोधित करके राहत राशि भिजवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
मंच पर समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव, सुरेंद्र बजरिया, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेशीय नेता जयदेव सिंह यादव, मांडवी निरंजन, सिद्धार्थ यादव मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष धीरेंद्र यादव व पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी की कार्यक्रम में अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। हालांकि बताया यह गया है कि अनुरागी दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात में व्यस्त होने की वजह से कार्यक्रम में भाग नही ले सके। लेकिन यह पहला बड़ा सरकारी कार्यक्रम है जो उनके और जिलाध्यक्ष के बिना संपन्न हुआ इसलिए लोगों में उत्सुकता रही कि ऐसा क्यों हुआ और पार्टी में चल रही उठा-पटक से जुड़ी अटकलों का बाजार इस विसंगति ने और गर्म कर दिया।
पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार, अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद जिले के कई एसडीएम, सीओ, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष कार्यक्रम स्थल पर शांति व्यवस्था के लिए मुस्तैद रहे। कल्याणकारी विभागों से जुड़े अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। डकोर ब्लाॅक के ग्रामों के अंत्योदय कार्ड धारकों को लाने-ले जाने का जिम्मा लेखपालों ने संभाला।

Leave a comment