जालौन-उरई। बाजार में खरीददारी के लिए आने वालों के लिए बाजार में विभिन्न स्थानों पर बनी पानी की टंकिया (प्याऊ) शोपीस बनी हुई हैं। जिससे गर्मी के दिनों में व्यापारियों एवं ग्राहकों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। जिससे परेशान व्यापारियों ने पालिका प्रशासन से उक्त टंकियों को चालू कराए जाने की मांग की।
गर्मी के दिनों में लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े इसे उद्देश्य के चलते नगर पालिका परिषद द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर पानी की टंकी प्याऊ बनवाए गए थे। गर्मी शुरू होने के बाद भी नगर के कई स्थानों पर बनी पानी की टंकी मात्र शो पीस बनी खड़ी है। मुहल्ला ज्वालागंज पुरानी नझाई में बना प्याऊ शो पीस बना खड़ा है। इस प्याऊ की सुध न लिए जाने के चलते अज्ञात लोग प्याऊ में लगी टोंटियों को भी उखाड ले गए। तो वहीं, यही स्थिति सब्जी मंडी के पास बने प्याऊ ़की भी है। प्याऊ चालू न होने के चलते बाजार में खरीददारी करने आने वाले ग्राहकों ही नहीं बल्कि दुकानदारों को भी गर्मी के दिनों में पेयजल के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिसके चलते नगर के व्यापारियों में जाफर सिद्दीकी, जुबैर खान, वैभव अग्रवाल, राजेश खन्ना, बंटू तिवारी, बृजेश पोरवाल आदि ने पालिका प्रशासन से उक्त टंकियों को दुरूस्त कर उन्हें चालू कराए जाने की मांग की।







Leave a comment