उरई। प्रेमी के साथ रंगरेलियां मना रही अपनी पत्नी की वीडियों क्लिप बनाने के बाद खूंखार हुए पति ने प्रेमी को भाग जाने दिया लेकिन पत्नी को दबोच लिया और अपने लड़के के क्रिकेट खेलने के बैट से हैवानों की तरह उसके सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार तब तक करता रहा जब तक कि उसकी जान नही चली गई।
घटना 5 अपै्रल की है जिसमें कोटरा थाना अंतर्गत सिकरी व्यास में सोनी (31वर्ष) उसके घर के अंदर हुए हमले में मौत हो गई थी। बाद में सोनी के पिता शत्रुघन सिंह निवासी किरार थाना सचेंडी जिला कानपुर देहात ने इस मामले में अपने दामाद अनिल उर्फ अशोक सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया था। पुलिस इसके बाद से उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार को अचानक उसने कोटरा थाने में पहुंचकर थानाध्यक्ष एके सिंह के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इस दौरान उसने घटना करने को लेकर जो कहानी सुनाई उससे पुलिस भौचक रह गई।
अनिल ने बताया कि वह नोयडा में गार्ड की नौकरी करता था। इधर गांव में अकेली रह रही उसकी पत्नी सोनी का एक अन्य व्यक्ति से शारीरिक संबंध बन गया। गांव के ही लोगों से उसे उसकी भनक मिली। जिससे वह इसकी तस्दीक करने गांव चला आया। हालांकि उसने पहले अपनी पत्नी को कुछ नही बताया। लेकिन खुफिया तरीके से उसकी निगरानी करता रहा। घटना के दिन वह ड्यूटी पर जाने की कहकर गांव से चल दिया पर वह कहीं नही गया। गांव के ही बाहर एक जगह छुपा रहा। रात लगभग 12 बजे वह दबे पांव अपने घर आया तो उसने अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ हमबिस्तर देखा। उसके दो छोटे बच्चे भी हैं लेकिन वे तब तक सो चुके थे। अनिल ने तसल्ली से वहीं छुपकर अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की रंगरेलियों की वीडियो शूटिंग की और इसके बाद उसने दहाड़ कर उन्हें ललकारा। हड़बड़ाया प्रेमी एकदम भागा तो पति ने उसे निकल जाने दिया। लेकिन सोनी को उसने कोई रियायत नही दी। गालियां देते हुए उसने सोनी को पटक दिया और कमरे रखा बच्चे का क्रिकेट का बल्ला उठाकर उसके सिर में लगातार मारना शुरू कर दिया। हालांकि सोनी बहुत रोई-चिल्लाई लेकिन अनिल पर जैसे जानवर सवार हो गया था। वह तब तक उसे मारता रहा जब तक कि उसकी जान नही चली गई। इसके बाद वह बल्ला लेकर मौके से फरार हो गया।
गुरुवार को गिरफ्तारी के बाद क्षेत्राधिकारी सदर के कार्यालय में पत्रकारों के सामने अनिल ने कहा कि उसे अपने किये का कोई पछतावा नही है। पत्नी के प्रेमी का नाम पूंछने पर वह बोला दूसरे का क्या दोष जब हमारा ही सिक्का खोटा था। यह कहते हुए उसने प्रेमी का नाम बताने से मना कर दिया। कोटरा पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बल्ला भी बरामद कर लिया है।







Leave a comment