27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। मोहल्ला उमरारखेरा में पानी की टंकी के पास एक घर में महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पति के ड्यूटी से लौटने के बाद घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि कातिल का कोई सुराग अभी तक नही लग पाया है।
उमरारखेरा मोहल्ले का रामस्वरूप बजाज स्टील फैक्ट्री में काम करता है। बुधवार को सुबह 8 बजे वह घर से ड्यूटी के लिए निकल गया था। घर में उसकी पत्नी ममता (50वर्ष) अकेली थी। दिन भर में उसके साथ क्या हुआ इसका कोई अंदाजा आसपास के लोगों तक को नही हो सका। रात 10 बजे जब रामस्वरूप घर लौटा तो उसे अपनी पत्नी मृत पड़ी मिली। गले के अलावा उसके सिर और चेहरे पर भी कुचले जाने के निशान थे। हत्या की खबर से पूरे मोहल्ले में हड़कम्प मच गया। पुलिस उपाधीक्षक डाॅ जंगबहादुर सिंह यादव और प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। घर में गहने व सारा कीमती सामान यथावत मिला। इस कारण लूट के इरादे से हत्या का अनुमान खुद ही खारिज हो जाता है। रंजिश की संभावना को भी रामस्वरूप निरस्त कर चुका है। फिर हत्या क्यों और किसने की पुलिस के लिए यह एक जटिल पहेली बन गई है।

Leave a comment