उरई। गहोई धर्मशाला के पास रोजाना फड़ लगाकर बिक्री करने वाले सब्जी विक्रेता अपने उजाड़े जाने का गम लेकर आज सदर विधायक दयाशंकर वर्मा के आवास पर पहुंच गये। इसके बाद दयाशंकर वर्मा ने फुटकर सब्जी मंडी स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वैकल्पिक व्यवस्था के बिना किसी सब्जी विक्रेता को बेदखल नही होने दिया जायेगा।
सब्जी विक्रेताओं ने विधायक से शिकायत की कि करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन हथियाने वाले सफेदपोश अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन का कोई बस नही चलता। सही बात तो यह है कि बड़े लोगों के अतिक्रमण को हटाने की प्रशासन में इच्छा शक्ति ही नही है। जबकि गरीबों पर जौहर दिखाने में वे कोई कोर कसर नही छोड़ते। उन्होंने कहा कि फुटकर सब्जी विक्रेता रोज कमाने खाने वाले लोग हैं। जिनका धंधा बंद हो जाने पर हमारे घरों के चूल्हे ठंडे हो जायेगे और हमारे परिवारों को भुखमरी की भेंट चढ़ना पड़ेगा। अधिकारी इस बात को जानते है लेकिन उनके अंदर कोई मानवता नही बची है। उन्होंने विधायक से मदद की गुहार की।
सदर विधायक ने उन्हें सांत्वना दी कि किसी गरीब व्यवसाई के पेट पर लात मारने की इजाजत प्रशासन को नही दी जायेगी। उन्होंने कहा कि गहोई धर्मशाला के आने-जाने के रास्ते को साफ करने के लिए जिन सब्जी विके्रताओं को हटाया जायेगा उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था पहले की जायेगी। सब्जी विक्रेताओं ने विधायक की घोषणा पर उनके जिंदाबाद के नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया। विधायक के साथ समाजवादी पार्टी के जोशीले और जनप्रिय नेता देवेंद्र यादव भी रहे।






Leave a comment