27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। संगीन वारदातों को अंजाम देकर जिले भर में जनजीवन को हिलाकर रख देने वाले दुर्दांत अपराधियों के सामने पुलिस की एक नही चल पा रही जिसको देखते हुए अवैध शराब और जंग खाये तमंचों के बहाने अनाथ किस्म के छुटभइयों को गिरफ्तार कर विभाग द्वारा लोगों की निगाह में अपनी तेज तर्रारी की छाप बनाये रखने की कोशिश हो रही है। इसके तहत पिछले 24 घंटों में जिले भर में पांच लोगों का आबकारी एक्ट और दो का आम्र्स एक्ट में चालान किया गया।
कामकाज का कोटा पूरा करने के लिए हुई इन कार्रवाईयों में कालपी पुलिस के एचसीपी उमेश सिंह ने उसरगांव से सरसेला निवासी लाल सिंह को पकड़कर उसके मत्थे 225 देशी क्वार्टर मढ़ दिये। जालौन कोतवाली पुलिस के उपनिरीक्षक मुकेश कुमार ने इसी तरह की तीरंदाजी को अंजाम देते हुए अर्जुन उर्फ बउवा और छोटेलाल बाथम को 20-20 क्वार्टर देशी शराब के साथ दबोच लिया। गोहन के थानाध्यक्ष हेमंत कुमार गौड़ ने ग्राम जीपुरा में असाधारण बहादुरी का परिचय देते हुए पुत्तन सिंह और राकेश सिंह निवासी मड़ोरी को पकड़ा जिनके कब्जे से पांच-पांच लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। उधर कालपी पुलिस के एचसीपी उमेश कुमार ने उसरगांव मं राहुल पाल निवासी चिल्ली थाना डकोर को टारगेट पूरा करने के लिए 32 बोर देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस लगाकर जेल भिजवाया। कुठौंद पुलिस के उपनिरीक्षक मनोज कुमार सैनी ने ग्राम घराना से शीलू शुक्ला निवासी देवनपुरा को पकड़ा। जिसके कब्जे से मिला 12 बोर का देश तमंचा जिसकी हालत बता रही थी कि उसकी एक्सपाइरी डेट काफी पहले पूरी हो चुकी है।
जानकारों के अनुसार एतिहाती कार्रवाईयों के नाम पर पुलिस को बड़ी सावधानी से काम करना पड़ता है। अगर किसी जोर जबर पर हाथ डाल दिया तो नेताजी खैर नही छोड़ेगे। दूसरी ओर नेताजी या उनके लगुवे-भगुवे के कहने से इस अभियान में उस पर तमंचा और शराब लगाने की पूरी तत्परता बरती जाती है। जिसकी कोई कहने वाला न हो। निरीह आदमी पर इस बल को दिखाने के बदले में खाकीधारी नेताजी के प्रसाद और आशीर्वाद को प्राप्त कर अपना जीवन धन्य करते हैं।

Leave a comment