conch-1* समाधान दिवस में डीएम एसपी के पहुंचने ही अधीनस्थों को छूटे पसीने
कोंच। माह के पहले शनिवार को आज कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस के दौरान पूरा स्टाफ जहां बावर्दी जर आया वहीं लेखपालों की पूरी फौज भी बिल्कुल सतर्क लहजे में दोपहर डेढ बजे तक मुस्तैदी से डटी रही। कारण था डीएम और एसपी के उन्हें आने की खबर लग गई थी, वरना तो घंटे भर में सब कुछ निपटा कर अपनी अपनी राह पकडऩे की उनकी पुरानी आदत है। डीएम संदीप कौर और एसपी बबलू कुमार ने आते ही अधीनस्थों की क्लास लगा दी और कहा कि जैसे ही कोई समस्या आती है, निस्तारण के लिये टीमें तुरंत रवाना की जायें और मौके पर ही समस्या का समाधान किया जाये।
आज समाधान दिवस का आयोजन कोतवाली में एसडीएम डॉ. एबी सिंह की अध्यक्षता और सीओ अवधेश कुमार शुक्ल की मौजूदगी में शुरू हुआ और एक बजे तक छह शिकायतें दर्ज की गईं। इस दौरान कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक समेत सभी दरोगा और सिपाही तथा मुंशी भी चाक चौबंद बावर्दी नजर आ रहे थे, मालूम हुआ कि डीएम और एसपी समाधान दिवस की मॉनीटरिंग करने पहुंच रहे हैं, लेखपाल भी अलर्ट पोजीशन में अपने आसनों पर जमे थे। लगभग डेढ बजे डीएम संदीप कौर और एसपी बबलू कुमार वहां पहुंचे। डीएम ने सभी लेखपालों को एक एक कर तलब किया और उनसे संबंधित ग्रामों में नाली, चकरोड्स, तालाबों पर अतिक्रमण आदि की स्थिति के बारे में पूछने के अलावा पानी की दिक्कतों के बारे में पूछा तो सभी का रटा रटाया जबाब मिला ‘ऑल इज वैलÓ यानी इलाके में बिल्कुल रामराज्य है और इलाका समस्या विहीन है। हालांकि वहां पत्रकारों ने तालाबों की वास्तविक स्थिति को लेकर अधिकारियों के संज्ञान में यह बात डाली कि लगभग हर गांव के तालाब अतिक्रमण की चपेट में हैं जिस पर अधिकारियों ने कहा कि वे अखबारों के माध्यम से सही तस्वीर छापें, एक सप्ताह में उनका रिजल्ट सामने दिखाई देगा। डीएम संदीप कौर ने अधीनस्थों को यह भी निर्देश दिये कि तहसील दिवसों में जो भूमि संबंधी मामले आते हैं उनको समाधान दिवसों के माध्यम से निपटाया जाये। गांवों में पशुओं के पीने के पानी की भी समुचित व्यवस्था कराई जाये। आज के समाधान दिवस में आई आधा दर्जन शिकायतों को लेकर अधिकारियों ने कड़े निर्देश दिये कि इन्हें आज ही निपट जाना चाहिये, इसमें हीलाहवाली कतई नहीं बर्दाश्त की जायेगी। इस दौरान कोतवाल मनवीर सिंह, दरोगा रवीन्द्र त्रिपाठी, राजवीर सिंह, उदयपाल, जयवीर सिंह, लेखपाल सुरेश खरे, प्रेमनारायण मिश्रा, नरेन्द्रसिंह, हरगोविंद, बलराम, देवेन्द्र, रमेशचंद्र, श्यामसुंदर, हरीशंकर, कौशलकिशोर, अवधेश कुमार, रनछोरकुमार, सुरेन्द्र आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply