उरई । कदौरा पुलिस ने ग्राम बसरेही में असलहा बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया । मौके से कई बने अधबने तमंचे और कारतूस बरामद किये गए । फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है ।
कदौरा के इंस्पेक्टर रूद्र कुमार सिंह को बसरेही में अवैध असलहा बनाने की फैकट्री की जानकारी मुखबिर के जरिये मिली । उन्होंने अचानक बताये गए स्थान पर दबिश दी जिसमे महावीर प्रसाद के घर से दो बने हुए 315 बोर के तमंचे, एक 315 बोर की देसी राइफल , 12 बोर और 315 बोर के एक एक अधबने तमंचे , 315 बोर की एक नाल और 12 बोर की दो नाल के साथ साथ 4 जिन्दा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया । महावीर प्रसाद को पुलिस ने रंगेहाथों दबोच लिया । उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्यवाही की गयी है ।
पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने आज अपने कार्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर रूद्र कुमार सिंह व उनकी टीम को पांच हजार रुपये के नकद इनाम से नवाजा । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महावीर प्रसाद पहले भी दो बार अवैध असलहा बनाने में जेल भेजा जा चुका है । महावीर प्रसाद असलहा बनाने का बहुत हुनरमंद कारीगर है जिसके कारण उसके द्वारा बनाए गए तमंचे मुंह मांगे दामो पर बिकते है । उसके तमंचों की मंडी महोबा जिले के इन्साफसेना फेम खरेला गाँव में सजती है । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि खरेला में महावीर का गॉडफादर कौन है यह भी पुलिस की छानबीन का एहम बिन्दु है ।







Leave a Reply