उरई। संदिग्ध परिस्थितियों में जहर से ससुराल में युवती की मौत हो जाने के बाद मायके वालों ने हंगामा खड़ा कर दिया। अस्पताल के बाहर राजमार्ग जाम करके उन लोगों ने कहा कि दहेज की वजह से उनकी बेटी की हत्या की गई है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर जाम समाप्त हो सका।
मोहल्ला लहरियापुरवा निवासी मनोज कुशवाहा की पत्नी राधा (25वर्ष) को आज ससुराल वाले गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले आये। डाॅक्टरों ने बताया कि उन्होंने बताया था कि राधा ने किसी वजह से जहर खा लिया है। डाॅक्टरों ने परीक्षण के बाद राधा को मृत घोषित कर दिया। इस बीच नया पटेल नगर निवासी राधा के पिता हरनाम सिंह तक इसकी जानकारी पहुंच गई। वे घर और मोहल्ले के लोगों को साथ लेकर अस्पताल पहुंच गये। उनके आते ही ससुराल के लोग जिला अस्पताल से फरार हो गये। गुस्साये मायके वालों ने सड़क जाम कर राधा के पति व अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। हरनाम सिंह का कहना था कि चार वर्ष पहले उन्होंने राधा का विवाह मनोज के साथ किया था। जिसमें अपनी शक्ति और सामथ्र्य के अनुसार उपहार देने में उन्होंने कोई कसर नही छोड़ी थी फिर भी मनोज व उनके घर के लोग मनमानी फरमाइशें करने लगे। इसके लिए वे लगातार राधा का उत्पीड़न कर रहे थे और आज उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने हरनाम सिंह की तहरीर ले ली है।







Leave a Reply