जालौन-उरई। लगभग एक माह पूर्व झंडा चैराहे पर कपड़ा व्यापारी की दुकान में लूट के इरादे से घुसे बदमाशों द्वारा कपड़ा व्यापारी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में मुख्य अभियुक्त अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर बने हुए हैं। पुलिस ने औपचारिकता में हत्याकांड का खुलासा किया। औपचारिकता में हुआ खुलासा नगर व क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
गत माह 9 अप्रैल को बाजार के सबसे व्यस्त इलाके झंडा चैराहा के पास स्थित कपड़ा व्यापारी राजेश अग्रवाल उर्फ मनन की दुकान में लूट के इरादे से घुसे बदमाशों द्वारा गोली मारकर कपड़ा व्यापारी की हत्या कर दी गई थी। इसके 20 दिन बाद ही 29 अप्रैल को सर्राफा व्यापारी राजकुमार सोनी के पिता रिटायर्ड फौजी शंभूदयाल सोनी के घर में दिन दहाड़े घुसे बदमाशों ने तमंचे की बटों से पीट पीटकर उन्हें मरणासन्न कर दिया था। घटना में पीड़ित की एक आंख की रोशनी चली गई। उक्त दोनों मामलों के खुलासे में स्थानीय पुलिस द्वारा बताया गया कि सर्राफा व्यापारी के पिता को मरणासन्न करने वाले बदमाश सचिन श्रीवास्तव व संजीव प्रजापति उर्फ बड़े लूट के इरादे से उनके घर में घुसे थे। जब फौजी ने उन्हें पकड़ लिया और घर के बाहर भीड़ एकत्र हो गई। तो वह अपनी बाइक व तमंचे वहीं छोड़कर भाग निकले। इस घटना में घटनास्थल पर जो बाइक बरामद हुई उस पर आगे व पीछे नंबर प्लेट पर पुलिस लिखा हुआ था। उक्त बाइक के संबंध में भी पुलिस ने कुछ नहीं बताया। यदि वह बाइक किसी पुलिस वाले की ही है तो, उस पर क्या कार्यवाही हुई पुलिस द्वारा यह न बताया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। तो वहीं, व्यापारी की हत्या के मामले मंे पुलिस के अनुसार अभियुक्त बनाए गए सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि बंटू सिंह व एक अन्य व्यक्ति लूट के इरादे से कपड़ा व्यापारी की दुकान में घुसे थे। जहां व्यापारी ने उन्हें पकड़ लिया तो उन्होंने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। वह थोड़ी दूर पर बाईक लिए खड़ा था। हत्या के बाद वह उक्त दोनों लोगों को लेकर वहां से चला गया। वहीं, पुलिस द्वारा बिना मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के हत्या के खुलासे का श्रेय लूट लिया जाना भी चर्चा का विषय बना हुआ। अभी तक पुलिस न तो मुख्य अभियुक्तों को ही गिरफ्तार कर सकी है और न ही हत्या में प्रयुक्त हुए तमंचे को फिर भी पुलिस उपमहानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र द्वारा पुलिस टीम को 10 हजार रूपए से पुरस्कृत किया जाना भी लोगों के गले से नहीं उतर रहा है।






Leave a Reply