0 मृतका के पिता ने पड़ोसी युवक सहित दो लोगों पर लगाया आरोप
0 भोर के तीन बजे की घटना के बाबत पुलिस को पांच घंटे बाद दी गई सूचना
0 पुलिस को कहानी में नजर आ रहे हैं छेद ही छेद

कोंच-उरई। कोंच कस्बे के बाहरी क्षेत्र खंड विकास कार्यालय के पीछे नया पटेल नगर में बुधवार आधी रात के बाद भोर में लगभग तीन बजे एक छात्रा की उसी के घर में गला घोंट कर हत्या कर दिये जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मृतका के पिता की अगर मानें तो उसके साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिल कर पहले दुष्कर्म किया और बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी, मृतका हाथों पैरों में चाकुओं से गोदे जाने के निशान भी पाये गये हैं। इसके अलावा मृतक छात्रा के हाथ पैरों को प्लास्टिक की रस्सी से बांधा गया था। जिस वक्त की घटना बताई जा रही है उस वक्त मृतका का पिता घर की छत पर सो रहा था, तभी उसे नीचे कुछ खटर पटर सुनाई दी। आहट पाकर नीचे पहुंचे पिता की उन तथाकथित हैवानों से हाथापाई भी हुई लेकिन वे भाग निकले। वारदात की सूचना सुबह लगभग साढे आठ बजे दी गई जिस पर पुलिस के अफसर मौके पर पहुंचे और घटना के बाबत छानबीन की। पिता की तहरीर पर पड़ोसी युवक सहित उसके साथी पर दुष्कर्म कर हत्या करने तथा पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी फरार है, पुलिस उसके परिजनों को पूछताछ के लिये उठा लाई है। पुलिस कप्तान तथा एएसपी ने भी मौके का निरीक्षण किया है और अधीनस्थों को जरूरी निर्देश दिये हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक कोंच कोतवाली क्षेत्र के नया पटेल नगर ब्लॉक कार्यालय के पीछे रहने वाले रमाकांत कुशवाहा की बेटी चंचल कुशवाहा (16) कमला नेहरू बालिका इंटर कॉलेज कोंच में हाईस्कूल की छात्रा थी। चंचल की मां अपने बेटे के साथ रिश्तेदारी में उरई गई थी, पिता रमाकांत भी उरई गया था लेकिन उसके मुताबिक वह रात ग्यारह बजे लौट आया था और खाना खाने के बाद वह सोने के लिए छत पर चला गया। नीचे के हिस्से में बने कमरे में बेटी चंचल सो रही थी। आधी रात के बाद जब उसे नीचे कुछ आहट सुनाई दी तो रमाकांत नीचे पहुंचा। बकौल रमाकांत उसने चंचल के कमरे में पड़ोसी युवक जितेंद्र उर्फ छोटू कुशवाहा पुत्र केशव निवासी ग्राम कंचनपुर थाना कदौरा हाल निवासी नया पटेल नगर कोंच तथा उसके एक अन्य साथी को देखा जिन्होंने चंचल के साथ दुष्कर्म करके उसकी गला दबा कर हत्या कर दी थी। रमाकांत की अगर मानें तो उसकी उन लोगों से हाथापाई भी हुई लेकिन वे लोग भाग निकले। रमाकांत जब कमरे के अंदर पहुंचा तो वहां उसकी बेटी चंचल मृत पड़ी मिली। चंचल के कपड़े भी अस्त-व्यस्त मिले। सूचना पर सीओ अवधेश कुमार शुक्ल, कोतवाल मनवीर सिंह, एसएसआई विनोद कुमार मिश्रा, सागर चैकी इंचार्ज रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी, सुरही चैकी इंचार्ज दिनेश यादव, दरोगा विनोदकुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे, तहसीलदार भूपाल सिंह भी वहां आ गये थे। पुलिस को छानबीन के दौरान मकान के आंगन में सीढ़ी लगी मिली जिसका उपयोग घर के लोग संभवतः छत पर आने जाने के लिये किया करते हैं। आशंका है कि जितेंद्र उसी सीढ़ी के जरिए छत के रास्ते घर में पहुंचा। दुराचार के बाद पकड़े जाने के भय से उसने चंचल की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी चंचल के हाथों पैरों में चाकुओं से गोदे जाने के भी निशान मिले हैं। रमाकांत ने पुलिस को यह भी बताया कि जब वह कमरे में पहुंचा तो चंचल के हाथ पैर प्लास्टिक की रस्सी से बंधे हुये थे, उसके बंधन रमाकांत ने खोले। मौके पर पहुंचे सीओ और कोतवाल को पिता रमाकांत ने जितेंद्र व उसके साथी के खिलाफ रेप के बाद हत्या करने की तहरीर दी जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ भादंवि की धारा 302, 376 तथा पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हालांकि घटनास्थल के हालातों को देखते हुये और शुरुआती छानबीन में पुलिस को रमाकांत की बताई कहानी में काफी छेद नजर आ रहे हैं लेकिन फिलहाल अभी उसने किसी भी प्रकार की टिप्पणी नहीं की है। कोतवाल का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है। उनका कहना है कि पुलिस मामले का सही खुलासा करने के प्रति कटिबद्ध है और दूध का दूध पानी का पानी होकर रहेगा, जो भी इसमें दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी और जेल भेजा जायेगा।
पुलिस कप्तान व एएसपी ने भी लिया मौके का जायजा
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना के तत्काल बाद जिले के पुलिस कप्तान बबलू कुमार और एएसपी शकील अहमद घटना स्थल पर पहुंचे और उन्हों मृतका के पिता से घटना के बाबत जानकारी ली। बाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कप्तान ने कहा कि घटना स्थल की बारीकी से जांच कर ली गई है और तथ्यों के आधार पर घटना का सही खुलासा किया जायेगा। घटना की हर ऐंगिल से छानबीन की जा रही है, फोरेंसिक और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट्स की टीमें लगाई गई हैं जो घटना स्थल से मिले सूत्रों की गहन जांच पड़ताल करके अपनी रिपोर्टें शीघ्र ही दे देंगी। इसके अलावा क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम को भी लगाया गया है। उन्हों यह भी कहा है कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है लेकिन पुलिस घटना का सही सही खुलासा करेगी और जो भी इस जघन्य घटना में संलिप्त पाया जायेगा उसे जेल भेजा जायेगा।
आखिर पांच घंटे तक क्यों नहीं दी गई पुलिस को सूचना..?
आज नया पटेल नगर इलाके में हुई दुष्कर्म के बाद हत्या जैसी बड़ी और जघन्यतम वारदात की सूचना पुलिस को देने में पांच घंटे की देरी का सबब क्या है, इस विंदु पर न केवल इलाकाई लोगों बल्कि पुलिस को भी हैरानी है। पुलिस का मानना है कि जिस घर में इतनी बड़ी घटना हो जाये उसके बारे में पुलिस तो क्या, मोहल्ले बालों तक को नहीं बताया गया। इसके अलावा मृतका के हाथ पैरों को रस्सी से बांधना, उसके शरीर पर चाकुओं के गोदे जाने के निशान आदि ऐसे विंदु हैं जिनको पुलिस हजम नहीं कर पा रही है। पुलिस इस विंदु पर भी छानबीन कर रही है कि जहां इस घटना को अंजाम दिया जा रहा था, मृतका का पिता ठीक उसी कमरे की छत पर सोया हुआ था लेकिन इतना सब कुछ होता रहा और उसे भनक नहीं मिली। वादी के पास इस बात का भी कोई सटीक जबाब नहीं था कि पुलिस को इत्तिला देने में इतना बिलंब क्यों किया गया। बहरहाल, पुलिस को कई विंदुओं पर गहनता से छानबीन करनी होगी तभी शायद घटना का सही पर्दाफाश हो सकेगा।







Leave a Reply