उरई। पुलिस महानिदेशक के आदेश पर 24 मई से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलेगा। अतिक्रमण विरोधी अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मातहतों के साथ बैठक की और उन्हें डीजीपी के आदेश के बाबत जानकारी दी। साथ ही कहा कि जनपद में 24 मई से अतिक्रमण विरोधी अभियान प्रभावी ढंग से चलेगा।
जिलाधिकारी संदीप कौर ने कहा कि जनपद में अतिक्रमण की वजह से जाम की समस्या आम हो गई है। फुटपाथों पर तो चलने की जगह नहीं बची है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए डीजीपी के आदेश पर रात और दिन में बाजार की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराई जाएगी। उसके बाद 15 मई को व्यापारियों की बैठक में अतिक्रमण के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही उनसे अतिक्रमण हटाने को कहा जाएगा। इसके बाद फिर 24 मई से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलेगा। पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने कहा कि अतिक्रमण की वजह से आए दिन पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए डीजीपी के आदेश पर 8 जून तक चलने वाले अभियान में मातहत पूरी ईमानदारी से काम कर अतिक्रमण हटवाएंगे। इस मौके पर एडीएम आनन्द कुमार, एएसपी शकील अहमद खां, सीडीओ एसपी सिंह, उप जिलाधिकारी संजय कुमार, गोरेलाल शुक्ला, एबी सिंह, एसपी अग्रवाल, सीओ डा. जंग बहादुर सिंह, कुलदीप सिंह, अधिशाषी अधिकारी रविन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।







Leave a Reply