कालपी-उरई। विद्युत विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते तीन हफ्ते पहले हवा के झोंके से घर पर गिरा विद्युत का खंभा आज तक नहीं उठाया गया है जो कभी भी किसी वक्त बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है लेकिन विभागीय अधिकारी कुंभकर्णी निद्रा में लीन है।
नगर के इंदिरा नगर में मुहल्ले में पूर्व ब्लाक प्रमुख मलखान पाल के घर के नजदीक लगा विद्युत पोल तीन सप्ताह पूर्व तेज हवा के चलते उनके घर के ऊपर जा गिरा था। तब तो कोई दुर्घटना नहीं हुयी लेकिन तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी विद्युत विभाग ने पोल को आज तक ठीक नहीं कराया। जबकि मुहल्ले के रामचरन पाल, अपूर्व शरद, कौशलेंद्र सिंह, राजेंद्र पाल, धर्म सिह आदि ने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से गुहार लगायी। विद्युत पोल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर मकान के ऊपर रखा है और लगातार विद्युत आपूर्ति जारी है। जिसमें कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पूर्व ब्लाक प्रमुख श्री पाल ने बताया कि घर पर गिरा विद्युत पोल सबसे बड़ी चिंता का विषय बना है। करंट लगने के डर से कोई भी सदस्य छत पर नहीं जाता है लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारियों को यह समस्या नहीं दिखती। लोगों का कहना है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हो जाता तब विद्युत विभाग इस पोल को नहीं सुधरवायेगा।







Leave a Reply