0 पूरा कोतवाली स्टाफ सन्न, मची भारी अफरा-तफरी
उरई। सोमवार को सदर कोतवाली में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती ने अपनी गर्दन में दरोगा के सामने ब्लैड मारने की कोशिश की। हड़बड़ाये दरोगा ने झपटकर उसका हाथ पकड़ लिया जिससे उसकी गर्दन तो बच गई लेकिन इसके बाद उसने अफरा-तफरी के बीच हाथ में ब्लैड मार लिया। जिससे खून छलक उठा। किसी तरह से पुलिस ने उस पर काबू पाया। बाद मे महिला एसओ को कोतवाली बुलाकर युवती को उनहें सौंप दिया गया।
युवती ने गत् 3 मई को मुकदमा लिखाया था कि रात में दरोगा अनुराग के साथ गुडडू चैहान, धीरू निगम, मोहन सिंह और दो अन्य लोगों ने उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ व लूटपाट की और सारे घर को आतंकित करके उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही थी लेकिन युवती के बवाल करने पर दबाव में कोतवाली में लूट और रेप का मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया पर दरोगा अनुराग का नाम हटा दिया गया। इस बीच पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने से भी कतराती रही। दो पहले भी पुलिस के रवैये से क्षुब्ध होकर युवती कोतवाली आई थी। उसने प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना को सबके सामने आरोपियों की गिरफ्तारी करने के लिए खरी-खोटी सुनाने के साथ-साथ गाली-गलौज करने में भी कसर नही छोड़ी। फजीहत से परेशान होकर प्रभारी निरीक्षक को कोतवाली छोड़कर भागना पड़ा।
इसके बावजूद पुलिस युवती को मैनेज नही कर पाई। जिसकी वजह से आज वह फिर कोतवाली आ धमकी। कोतवाली में घुसते ही उसका सामना दरोगा सतीश से हुआ। वह दरोगा से उसके मामले के आरोपियों को न पकड़े जाने को लेकर उलझ पड़ी। वह पूरी तैयारी करके आई थी। बातों-बातों में ही अचानक उसने ब्लाउज के अंदर रखे ब्लैड को निकाला और गर्दन में तेजी से मारने की कोशिश की। सतीश युवती की हरकत से हक्का-बक्का रह गये लेकिन पलभर में ही उन्होंने अपने होश ठीक किये और फुर्ती से युवती का हाथ पकड़कर रोक लिया। युवती ने इसके बाद और हंगामा शुरू कर दिया। सारी कोतवाली दौड़ पड़ी। इसी आपाधापी में युवती ने अपने हाथ में ब्लैड मार लिया। बड़ी मुश्किल से उसके हाथ से ब्लैड छुड़ाया गया।
बाद में परेशान एसपी बबलू कुमार ने सीओ और कोतवाली को बुलाकर मंत्रणा की। पहले युवती के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का अभियोग कायम करने की रणनीति बनाई गई थी लेकिन बाद में एसपी ने कहा कि युवती ने आत्महत्या की कोई कोशिश नही की। उन्होंने कहा कि उसके मुकदमें के आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा। इसके लिए कोतवाली पुलिस को आवश्यक निर्देश दे दिये गये हैं। बताया गया है कि एसपी की ओर से महिला थानाध्यक्ष नीलेश कुमारी युवती से बात कर इसी आधार पर उसे मैनेज करने मे जुटी हैं।







Leave a Reply