28orai06उरई। हाइवे पर ट्रक सीज होने के बाद ड्राइवर ने जहर खा लिया जिससे उसकी हालत बुरी तरह बिगड़ गई। उसे आनन-फानन में राजकीय मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया। उधर इस घटना की खबर से परिवहन विभाग के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गये। सीज के कागज फाड़कर पकड़े गये ट्रक को जान बचाने के लिए उन्होंने बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया।
हाइवे पर शनिवार को दोपहर में आरटीओ की चैकिंग लगी थी। यात्रीकर अधिकारी पीके द्विवेदी ने कई ट्रक रोक लिए। इस दौरान कागजों में कमी के आधार पर उन्होंने एक ट्रक सीज कर दिया। पीटीओ की इस कार्रवाई से दुखी ट्रक के ड्राइवर आशुतोष ने बाद में ढाबे पर बैठकर जहर खा लिया। जिससे उसकी हालत नाजुक हो गई। उसे ढाबा मालिक ने हड़बड़ाहट में राजकीय मेडिकल काॅलेज पहुंचाया। उधर यह खबर जंगल की आग की तरह शहर भर में फैल गई। ड्राइवर के जहर खाने के समय पीटीओ पीके द्विवेदी डिग्गी ताल स्थित अपने घर पर पहुंच गये थे। जहां मीडिया कर्मियों ने पहुंचकर उन्हें घेर लिया। ड्राइवर के जहर खाने की बात सुनकर पीटीओ की सिटटी-पिटटी गुम हो गई। वे तत्काल मौके पर पहुंचे और सीज के कागज फाड़कर उन्होंने ट्रक को छुड़वाया इसके बाद ड्राइवर को जानकारी देकर कोई कार्रवाई न करने के लिए उसके हाथ-पैर जोड़े। फिलहाल ड्राइवर का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply