29orai02उरई। गोहन थाना क्षेत्र में राजपुरा के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दो बाइकों को रौंदकर आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया। जिनमें एक की मौत हो गई जबकि दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
रविवार को सुबह राजपुरा से गोहन की ओर जा रही बाइक यूपी 92 एस 9664 और यूपी 92 एस 1056 में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। ट्रैक्टर रोंग साइड था। ड्राइवर ट्रैक्टर को नियंत्रित नही कर पाया जिससे बेहद जोरदार टक्कर हुई। दोनों बाइक में तीन-तीन लोग सवार थे। ट्रैक्टर उन पर से होकर गुजर गया। इसमें अरविंद सिंह, जाहर सिंह व देवेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये। जबकि सुरेंद्र सिंह, भानुप्रताप सिंह व गजराज सिंह को भी कई चोटें आईं। गोरा भूपका निवासी सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ ले जाया गया। इसके बाद तीन घायलों को हालत गंभीर होने की वजह से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर खबर लिखते-लिखते पता चला है कि घायलों में अरविंद सिंह ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अरविंद सिंह अपनी बेटी के लिए लड़का देखने औरैया जा रहे थे।
ग्रामीणोें के मुताबिक हादसे के बाद सड़क पर पड़े घायल बुरी तरह तड़प रहे थे। सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर काफी देर तक नही पहुंची। पुलिस के पहले एंबुलेंस पहुंच गई, जिससे घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जब घायल जा चुके थे तब पुलिस पहुंची और बैरंग वापस लौट गई।
उधर आटा थाना क्षेत्र में हाइवे स्थित रामजानकी होटल और भभुआ तिराहे के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। मृत युवक टीवीएस स्टार सिटी यूपी 92 के 3733 से जा रहा था। मृतक की शिनाख्त पुलिस की काफी मशक्कत के बावजूद नही हो पाई। मृतक का मोबाइल हादसे में चकनाचूर हो गया था। जिससे उसमें कोई नंबर निकलने की गुंजाइश नही बची थी। बताया गया है कि बाइक रणविजय सिंह के नाम से एआरटीओ दफ्तर में रजिस्टर्ड है। खबर लिखते-लिखते मृतक की शिनाख्त हो गई है। मृतक कुसमरा निवासी संदीप गौर पुत्र जयपाल सिंह था। वह बसपा के नेता सुरेश गौर का भतीजा बताया गया है।

Leave a Reply