0 बोले एसडीएम, जांच कर जून के आखिर तक हटेंगे अंत्योदय के अपात्र
कोंच-उरई। खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में शासन के नये आदेशों के तहत अंत्योदय व पात्र गृहस्थियों को बिल्कुल मुफ्त में खाद्यान्न मिलेगा, सिर्फ चीनी और कैरोसिन ऑयल के उन्हें पैसे देने होंगे। इस बात की जानकारी आज तहसील में कोटेदारों की बैठक के दौरान एसडीएम ने दी। उन्होंने यह भी कहा कि जिला स्तर पर जांच टीमों का गठन किया गया है जो जांच करके जून माह के अंत तक अपात्रों को अंत्योदय योजना से हटाने का काम करेंगी।
एसडीएम गोरेलाल शुक्ला की अध्यक्षता एवं आपूर्ति निरीक्षक रामस्वरूप की मौजूदगी में तहसील भर के कोटेदारों की बैठक यहां तहसील सभागार में संपन्न हुई। बैठक का उद्देश्य बताते हुये एसडीएम ने कहा कि बुंदेलखंड के सूखे को देखते हुये सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन सामग्री मुहैया कराने का फैसला किया है। जून से सितंबर माह तक सभी पात्र गृहस्थियों और अंत्योदय कार्ड धारकों को गेहूं और चावल बिल्कुल मुफ्त मिलेगा, इनका कोई पैसा उपभोक्ता को नहीं देना है, अलबत्ता उन्हें चीनी और मिट्टी के तेल के ही पैसे कोटेदार को देने होंगे। पात्र गृहस्थियों को 3.500 किग्रा गेहूं प्रति यूनिट तथा चावल 1.500 किग्रा प्रति यूनिट वितरित किया जाना है, जबकि अंत्योदय कार्ड धारकों को प्रति कार्ड 15 किग्रा गेहूं तथा 20 किग्रा चावल मिलेगा। उन्होंने कोटेदारों को आगाह किया कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिये और न ही इस तरह की शिकायतें मिलनी चाहिये कि कोटेदार ने खाद्यान्न नहीं दिया। ऐसा करने बाले कोटेदारों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हर उचित दर विक्रेता की दुकान पर साफ सुथरा बोर्ड टंगा हो तथा रेट व अंत्योदय कार्ड धारकों की संख्या का स्पष्ट उल्लेख होना आवश्यक है। इस दौरान कोटेदारों ने भी अपनी पीड़ा दर्ज कराते हुये कहा कि गोदाम से जो बोरी उठान की जाती है वह तौल में दो चार किलो कम दी जाती है जिससे उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ता है।







Leave a Reply