cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। चुनावी वर्ष होने के बावजूद गर्मी ज्यादा होने से प्रत्याशिता के दावेदार अपने एसी रूम से बाहर निकलने की हिम्मत नही जुटा पा रहे हैं। दूसरी ओर साहब बहादुरों को सरकार के कामों की डुगडुगी पीटने के लिए लपट झेलते हुए गांव-गांव में डोलना पड़ रहा है। शायद यह लोकतंत्र का ही चमत्कार है।
डकोर विकास खंड के अमगुवां में तपती दुपहरिया में जब डीएम, एसपी का कारवां पहुंचा तो ग्रामीण चैंक पड़े। जिलाधिकारी संदीप कौर ने उनसे बिंदुवार जानकारी ली। बिजली की परेशानी को लेकर उनके द्वारा की गई चर्चा में जब प्रशासन कटघरे में खड़ा होने लगा तो होशियार अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायत का डायवर्जन कर दिया। जिसके बाद उपसंहार स्वरूप डीएम बोलीं की लाइट तो 18 से 20 घंटे आ रही है। लेकिन कनेक्शन पर्याप्त न होने से कटिया डाली जा रही है जिससे फाल्ट हो जाता है। उन्होंने अधिशाषी अभियंता विद्युत को 5 जून को गांव मे कैंप लगाकर सभी लोगों के कनेक्शन करने को कहा।
इस बीच निचले स्तर के कर्मचारियों के डराये जाने का पर्याप्त असर ग्रामीणों की बोली में झलकने लगा। हाकिमों की नाखुशी से बचने के पैंतरे के तहत उन्होंने शिकायत करते हुए भी मुंह सुहानी बातें शुरू कर दीं। जब डीएम ने मवेशियों के टीकाकरण के बारे में जानना चाहा तो उन्होंने बताया कि टीकाकरण तो हो चुका है लेकिन कुछ मवेशी हमारे ही लोगों की लापरवाही की वजह से रह गये हैं। डीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि वे भी गांव में कैंप लगाकर सभी पशुओं का टीकाकरण करें।
डीएम ने मनरेगा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सभी जाॅब कार्ड धारकों को काम दिलाया जा रहा है और भुगतान भी एक हफ्ते में हो रहा है। सूखे के कारण कई और लोग भी जाॅब कार्ड बनवाना चाहते हैं। ऐसे इच्छुक लोगों के जाॅब कार्ड बनाकर उन्हें भी काम देने की व्यवस्था की जाये। ग्रामीणों ने आपके मुंह में घी-शक्कर कहते हुए अधिकारियों की इस बात पर खूब वाह-वाह की। डीएम ने कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों को 9 से 11 तक स्कूल भेजें जहां उनके लिए मिडडे मील की व्यवस्था रोज होगी। डीएम साहिबा ने दो एकड़ तक के कास्तकारों से खेत-तालाब बनवाकर जल संरक्षण करने और सिचाई का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस योजना में 52 हजार रुपये का अनुदान भी लाभार्थियों को दिया जायेगा।
पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने इस दौरान कहा कि जिन शस्त्र धारकों की मौत हो गई है उनके उत्तराधिकारी शस्त्र लाइसेंस ले सकते हैं। पुलिस इसमें उनकी मदद करेंगी। उन्होंने गांव में गुंडागर्दी फैलाने के खिलाफ चेतावनी दी। कहा कि गांव में अराजक हरकत करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. आशाराम, उपनिदेशक कृषि अनिल पाठक, जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम और डीआरडीए के परियोजनाधिकारी चित्रसेन सिंह आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply