31orai09महेबा-उरई। भिटारी में नरेंद्र मोदी सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सभा आयोजित हुई जिसे संबोधित करते हुए सांसद भानु प्रताप वर्मा ने कहा कि लोगों को इन दो सालों में ही विश्वास हो गया है कि उनके अच्छे दिन शुरू हो गये हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार का कार्यकाल पूरा होने तक देश का नक्शा बदल चुका होगा।
मोदी सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा के नेता गांव-गांव में सभाएं कर सरकार की योजनाओं और उनसे लोगों को हासिल लाभ का गुणगान करने में जुटे हैं। इसी क्रम में क्षेत्र के भिटारी गांव में तेजराम बाबा के आवास पर एक गोष्ठी सांसद भानुप्रताप वर्मा के मुख्यातिथ्य में आयोजित हुई। गोष्ठी में भाजपा के वरिष्ठ क्षेत्रीय नेता पृथ्वीराज सिंह चैहान, राजीव गोरा, रामअनुग्रह गुर्जर अटरा, अरविंद सिंह भदौरिया दमरास, प्रदीप सिकरी और संजीव उपाध्याय रायपुर ने केंद्र सरकार की तारीफ के पुल बांध दिये। उन्होंने मोदी सरकार द्वारा दो वर्ष में लागू की गई विभिन्न योजनाओं का बखान किया।
सांसद भानुप्रताप वर्मा ने अपने भाषण में कहा कि दो वर्ष में सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि प्रधानमंत्री या किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नही लग सका है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी से ज्यादा काम करने वाला कोई नेता अभी तक नजर नही आया। वे दिन में 18 घंटे परिश्रम करते हैं। सारे मंत्री उनका अनुसरण कर रहे हैं जिससे सरकारी कामकाज में इतनी तेजी आई है कि जो काम साढ़े छह दशक में नही हो पाया उससे ज्यादा काम केवल दो साल की मियाद में हो गया है। उन्होंने कहा कि विदेशों में जमा देश के काले धन को वापस लाने का भाजपा का वायदा झूठा नही है, गंभीरता से इसके लिए उन देशों से वार्ता की जा रही है जहां कालाधन जमा होने का संदेह है। स्विटजरलैंड से इस मामले में काफी हद तक प्रगति हुई है। जल्द ही कालेधन की वापसी की शुरूआत हो जायेगी। आभार प्रदर्शन तेजराम बाबा ने किया। इस दौरान बैठक में मौजूद युवा कार्यकर्ताओं ने सांसद के सामने एक स्वर से तेजराम बाबा को कालपी क्षेत्र की बागडोर सौंपने का आग्रह किया।

Leave a Reply