0 उत्तर प्रदेश की सरकार को पता नही कौन चला रहा
0 मेरठ और सहारनपुर मंडलों को हरियाणा में शामिल करने की मांग
0 किसान यूनियन बना सकती है राजनैतिक पार्टी
उरई। पीएम को विदेश दौरे से ही फुर्सत नही है। उन्हें किसानों से बात करने का मौका कैसे मिले। यह बात भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और स्व. महेंद्र सिंह टिकैत के बेटे नरेश टिकैत ने कही। उन्होंने प्रदेश सरकार को लेकर भी करारा तंज कसा। नरेश टिकैत बोले कि प्रदेश में मुख्यमंत्री तो युवा और काम करने की भावना रखने वाले हैं लेकिन यह पता नही है कि सूबे की सरकार चला कौन रहा है।
नरेश टिकैत मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लम्बरदार द्वारा सूखे के समय गरीब किसानों की लड़कियों के हाथ पीले करने के लिए आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में नये जोड़ों को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। इस दौरान नरेश टिकैत ने उत्तर प्रदेश के मेरठ और सहारनपुर मंडलों को हरियाणा में शामिल करने की नई मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अगर हरित प्रदेश बनाना संवैधानिक पेंचीदगियों की वजह से संभव न हो रहा हो तो इस कदम से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों की काफी समस्यायें हल हो जायेंगी। उत्तर प्रदेश में विशालता की वजह से प्रशासनिक कठिनाई के कारण विकास को तीव्र गति नही मिल पा रही। जबकि हरियाणा अपेक्षाकृत छोटा राज्य है। दोनों राज्यों की सीमाओं के उक्त पुनर्गठन से इन समस्याओं का निराकरण हो सकेगा।
नरेश टिकैत ने बताया कि आगामी 16, 17 व 18 जून को हरिद्वार में किसान यूनियन का राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। जिसमें किसानों की एक अलग पार्टी बनाने पर भी चर्चा हो सकती है। उन्होंने स्वीकार किया कि चै. महेंद्र सिंह टिकैत के देहावसान के बाद किसान यूनियन की ताकत घटी है। उन्होंने कहा कि चैधरी साहब के प्रति किसानों की जो आस्था थी और उनके व्यक्तित्व से किसानों के हौसले को जो बुलंदी मिलती थी उसकी भरपाई संभव नही है। इस दौरान बलराम सिंह लम्बरदार और किसान यूनियन के बुंदेलखंड अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन मौजूद थे।







Leave a Reply