उरई। लेखपाल राजस्व प्रशासन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसलिए उनसे पूरी कार्यकुशलता से अपने दायित्व का निष्पक्षतापूर्वक निर्वाह करने की उम्मीद की जाती है। यह बात जिलाधिकारी संदीप कौर ने नवनियुक्त लेखपालों के राजकीय इंटर काॅलेज में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्हें संबोधित करते हुए कही।
जिलाधिकारी ने बेवाकी से कहा कि मौजूदा लेखपालों की छवि अच्छी नही है। नये लेखपालों को इस कैडर की छवि सुधारने का ख्याल रखना होगा। उन्होंने कहा कि लेखपाल अपने प्रशिक्षण में पूरी गंभीरता दिखाकर काम सीखें। राजस्व प्रशासन बेहद जटिल है। जिसमें पारंगत होने के लिए पूरा होमवर्क किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में लेखपालों को राजस्व अभिलेखों की बारीक जानकारी हासिल करनी पड़ेगी।
अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार ने कहा कि लेखपाल राजस्व प्रशासन के गुप्तचर हैं। उन्हें अपने क्षेत्र के गांवों में होने वाली किसी भी विशेष घटना के बारे में अवगत रहना चाहिए और उच्चाधिकारियों को समय रहते उनकी जानकारी कराते रहना चाहिए। उपजिलाधिकारी सदर संजय सिंह ने कहा कि लेखपालों को तीन महीने प्रशिक्षण दिया जाना है। इस दौरान नायब तहसीलदार से लेकर अपर जिलाधिकारी तक उनकों जानकारियां देने के लिए आयेंगे। तहसीलदार दुर्गेश यादव, कानूनगो आदि भी मौजूद रहे।







Leave a Reply