उरई। नव वधू की दहेज हत्या के मामले में रामपुरा की फुर्तीली पुलिस ने मैराथन दौड़ लगाकर हांफते-हांफते तीन महीने बाद आखिर दहेज हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर ही लिया। एसपी ने इसके लिए रामपुरा एसओ के पराक्रम और परिश्रम की भूरि-भूरि सराहना की है।
दहेज के लिए कथित हत्या की उक्त घटना रामपुरा थाना क्षेत्र के पुरा महटौली में इस वर्ष फरवरी के महीने में हुई थी। वधू के पिता मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के रौंन थाना अंतर्गत वनगढ़ निवासी रामलखन ने 2 मार्च को थाने में इसका मुकदमा लिखा दिया था। मुख्य आरोपी के रूप में होम सिंह पाल को सीओ ने अपनी जांच में वांछित करार दिया था। इसके बाद रामपुरा एसओ राजाभइया ने होम सिंह को पकड़ने के लिए आकाश से पाताल तक कोना-कोना छान मारा, भूख प्यास की परवाह न करते हुए जोगी की तरह वे तीन महीने से होम सिंह की तलाश में भटक रहे थे। इस बीच में उन्होंने न जाने कितने देवी-देवाताओं के दर पर जाकर होम सिंह के अपने चंगुल में आने की दुआयें मांगी। आखिर उनकी मन्नतें कबूल हुई और आज होम सिंह उनकी पकड़ में आ ही गया। इससे उनकी आत्मा को ठंडक तो मिली ही एसपी बबलू कुमार की शाबाशी भी उनको अतिरिक्त टाॅनिक के रूप में हासिल हुई। उम्मीद है कि उनसे प्रेरणा लेकर अन्य थानाध्यक्ष भी महीनों तक इसी तरह आरोपियों की तलाश में अहिर्निश जुटे रहकर पुलिस विभाग का नाम ऊंचा करेंगे।







Leave a Reply