04orai0204orai01
उरई। पालीथिन व्यापारी के यहां छापा डालने गई टीम उस समय भौचक रह गई जब व्यापारी ने बोतल में भरे केरोसिन को अपने ऊपर डालकर आत्मदाह करने का स्वांग रचाया। पहले तो व्यापारी के इस पैंतरे से अधिकारी सन्न होकर कुछ देर के लिए किंकर्तव्यविमूढ़ हो गये। लेकिन एक क्षण बाद ही उन्होंने फुर्ती से व्यापारी के हाथ से बोतल छीन ली और उसे दबोच लिया।
प्रदेश सरकार द्वारा पालीथिन के प्रयोग को प्रतिबंधित किये जाने का आदेश सजावटी बना हुआ है। सहूलियत के लिए दूसरा विकल्प न होने से लोग पालीथिन का मोह नही छोड़ पाये हैं। जिससे सभी दुकानों में पालीथिन में पैक करके सामान देने का क्रम जारी है। शनिवार को इस मामले में उच्चस्तरीय आदेश के कारण प्रशासन ने पालीथिन जब्त करने का अभियान छेड़ा। इस कड़ी में उप जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक डाॅ जंगबहादुर सिंह के साथ अन्य अधिकारियों और फोर्स को लेेकर घंटाघर के करीब शनि मंदिर के पास एक पालीथिन व्यापारी की दुकान पर पहुंच गये। दुकान पर पालीथिन देखकर अधिकारियों ने व्यापारी को फटकारना शुरू कर दिया। जिस पर व्यापारी उठा और उसने केरोसिन से भरी बोतल उठाकर अपने ऊपर उड़ेलने का ड्रामा किया तो एक क्षण के लिए अधिकारी हड़बड़ा गये। लेकिन तुरंत ही संभल कर उन्होंने बोतल छीन ली और व्यापारी को दबोच लिया। इस बीच लोगों का भारी हुजूम घटना स्थल पर इकटठा हो गया।
व्यापारी नेता कोतवाली में पुलिस हिरासत में बैठा हुआ है। हालांकि पुलिस उसकी गिरफ्तारी की बात नही कह रही। दूसरी ओर व्यापारी नेता का कहना है कि वह ईओ के द्वारा इरादतन उसे टारगेट पर रखने की शिकायत कर रहा था। जिस पर उसे अधिकारियों ने कोतवाली बुलाया और यहां बहस होने पर प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना ने जबरन उसे निरुद्ध कर लिया। व्यापारी नेता ने कहा अगर उसे छोड़ा नही गया तो व्यापारी सड़क जाम कर विरोध जतायेंगे।

Leave a Reply