उरई। नदीगांव पुलिस ने आपराधिक तत्वों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार के निर्देश पर छेड़े गये अभियान में तमंचा व अवैध बाइक और मोबाइल के साथ कई मुकदमों में संलिप्त आरोपी को पकड़ लिया है।
कस्बा नदीगांव में परिहारनपुरा मोहल्ले में रहने वाले परमाल सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और हीरो होण्डा पैशन मोटर साइकिल व तीन मोबाइल बरामद किये गये हैं। पुलिस का कहना है कि मोटर साइकिल और मोबाइल अवैध रूप से हथियाये जाने का संदेह है।
दूसरी ओर जन चर्चा में इस कार्रवाई को डिम्पल ंिसंह और नदीगांव के नगर पालिका अध्यक्ष के बीच छिड़े गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। नदीगांव नगर पालिका अध्यक्ष समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं। कुछ दिनों पहले डिम्पल सिंह और उनके भाई और पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा राजनैतिक दबाव में कायम कराया गया था। लेकिन बाद में मृतक का पिता नाटकीय ढंग से उनके खिलाफ लगाये गये आरोप से मुकर गया। परमाल सिंह भी डिम्पल सिंह के परिवारी हैं। इसलिए कहा जा रहा है कि उनके खिलाफ डिम्पल सिंह को निपटाने की रणनीति के तहत अवैध बरामदगी की कहानी गढ़ी गई है।
उधर हमारे जालौन संवाददाता ने बताया है कि परमाल सिंह की गिरफ्तारी ब्लाॅक क्षेत्र के सालाबाद गांव के गत् वर्ष हुए पंचायत चुनाव के दौरान हुई फायरिंग और हिंसा के मामले में हुई है। इसमें श्याम सिंह व शत्रुघ्न सिंह दो पक्ष आमने-सामने थे जिनमें श्याम सिंह गुट के परमाल सिंह वांछित चल रहे थे। इन पर आरोप है कि इन्होंने थाना कोटरा के सैदनगर ग्राम निवासी जितेंद्र सिंह की रायफल से फायरिंग की थी। पुलिस जितेंद्र सिंह को भी तलाश रही हैं। परमाल सिंह के खिलाफ पहले से 10 मुकदमें दर्ज हैं। परमाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर सीओ जालौन कुलदीप सिंह ने प्रेस कांफ्रेस भी की।







Leave a Reply