06orai0406orai005
उरई। जालौन जिले के तेज तर्रार पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार को मथुरा में जवाहर बाग कांड के बाद प्रदेश सरकार के लिए बनी चुनौतीपूर्ण स्थितियों के बीच अविलंब मथुरा के एसएसपी की कमान सौंप दी गई है। सोमवार को दोपहर में इसका आदेश जारी हुआ और शाम को हैलीकाॅप्टर भेजकर उन्हें मथुरा पहुंचा दिया गया।
कुछ ही महीने पहले बंधौली में अवैध बालू खनन को लेकर हुए गैंगवार की नतीजे में तत्कालीन एसपी एन. कोलांची का तबादला कर दिया गया था और आनन-फानन में बबलू कुमार को जिले की कमान सौंप दी गई थी। अल्प कार्यकाल में ही बबलू कुमार ने अपनी विलक्षण कार्यशैली से पुलिस की धमक बनाकर अपराधियों और असमाजिक तत्वों के हौसले पस्त कर दिये थे। जिसकी वजह से शांतिपूर्ण नागरिकों को उनसे बड़ी उम्मीदें थी। लेकिन मथुरा कांड के कारण प्रदेश भर में मची उथल-पुथल के बीच उनकी जांबाजी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्थिति संभालने के लिए मथुरा के एसएसपी के रूप में उनकी पोस्टिंग का आदेश जारी कर दिया।
स्थानांतरण आदेश के साथ ही डीजी कार्यालय से उन्हें हर हाल में शाम तक नया कार्यभार संभालने निर्देश दिये गये थे। वे जिले के पहले पुलिस प्रमुख हैं जिन्हें तबादले पर हैलीकाॅप्टर से भेजा गया है। हालांकि जिले में 1994 में एसएसपी रहे सतीश चंद्र यादव भी इलाहाबाद में आरक्षण को लेकर हुए आंदोलन के दौरान हाईकोर्ट पर हमले के बाद वहां के तत्कालीन एसएसपी अरुण माहेश्वरी के निलंबन के कारण उनका स्थान लेने के लिए हैलीकाॅप्टर से भेजे गये थे। लेकिन जब उन्हें इलाहाबाद का एसएसपी बनाया गया था उस समय वे जालौन से तबादला होकर सहारनपुर के पुलिस प्रमुख का दायित्व संभाले हुए थे।
बबलू कुमार की जगह अशोक कुमार त्रिपाठी को जालौन का नया एसपी बनाया गया है। मूल रूप से पीपीएस संवर्ग के अशोक कुमार त्रिपाठी को हाल ही में आईपीएस अवार्ड हुआ है। भदोही के निवासी अशोक त्रिपाठी गौतम बुद्ध नगर में एसटीएफ के एसपी हैं। श्री त्रिपाठी को अनुभवी और कार्यकुशल अधिकारी माना जाता है। 2005 में वे एडीजी कार्मिक स्व. बीएल यादव के स्टाॅफ आॅफीसर थे। उन्होंने पुलिस में अवरुद्ध पदोन्नतियों को प्रशस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। इसी बीच नवागंतुक पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने यहां पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया है। बबलू कुमार को लेने के लिए आये हैलीकाॅप्टर से वे यहां पहुंचे थे। कार्यभार संभालने के बाद नये पुलिस अधीक्षक ने विभागीय और प्रशासन के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद उपस्थित थे।

Leave a Reply