उरई। मजदूर की ब्यूटीशियन पत्नी की दिल्ली से लौटकर गांव जाते समय संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। जिला अस्पताल में उसे लावारिस दाखिल कराया गया था। देर रात उसके पति और बच्चों ने अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त की। तब तक मौखरी में रात में बरामद किये गये उसके शव को लेकर पुलिस को सनसनीखेज संभावनाओं के कारण काफी परेशान रहना पड़ा।
रविवार को रात लगभग 9 बजे मंडी चैकी पुलिस कोई अचेत युवती मौखरी के पास पड़े होने की सूचना मिली। जिस पर खलबली मच गई। तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस उसे लादकर जिला अस्पताल लाई। जहां डाक्टर ने देखते ही उसको मृत घोषित कर दिया। युवती के सामान की तलाशी ली गई तो उसमें 570 रुपये नगद और चूहे मारने की दवा मिली। लेकिन उसकी पहचान के लिए कोई दस्तावेज या सामान नही मिल सका। युवती की मौत कैसे हुई इस पर कई अंदेशे जाहिर किये जा रहे थे। पुलिस इसके कारण काफी देर परेशान रही। इसी बीच युवती के पति और बच्चे अस्पताल पहुंच गये। युवती के पति कल्लू निवासी बागीपुर इटौरा थाना गोहाण्ड जिला हमीरपुर ने अपनी पत्नी चंदा (35वर्ष) के रूप में उसकी पहचान की।
कल्लू ने बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी करता था। जबकि चंदा ब्यूटीपार्लर में काम करती थी। उनके तीन बच्चें अजय (12वर्ष), नेहा (10वर्ष) और विजय (8वर्ष) हैं। वे लोग अपने बच्चों के साथ गांव जाने के लिए रात में ट्रेन से स्थानीय स्टेशन पर उतरे थे। स्टेशन पर चंदा का मूड अचानक पलट गया और वह पति से कहने लगी कि तुम गांव जाओं मैं तो मेरठ जाऊंगी। कल्लू ने उसे काफी समझाने की कोशिश की लेकिन वह नही मानी। इसी बीच जिद में वह बाहर निकल आई। कल्लू और उसके बच्चें देर रात तक उसको ढूढ़ते रहे। इसी बीच उन्हें पता चला कि अस्पताल में किसी अज्ञात महिला को मृत हालत में लाया गया है। नतीजतन वे अस्पताल आ गये। चंदा का शव देखते ही कल्लू ने उसकी पहचान कर ली। प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सभी बिंदुओं पर मामले की जांच की जायेगी।







Leave a Reply