जालौन-उरई। रमजान के पवित्र माह को लेकर शांति समिति की बैठक का आयोजन तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसीलदार व प्रभारी कोतवाल की उपस्थिति में किया गया। जिसमें बिजली, पानी तथा मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई के अलावा आवारा सुअरों के विचरण पर रोक लगाए जाने के प्रमुख मुद्दे उठाए गए।
रमजान के पवित्र महीने में किसी भी प्रकार से नगर की शांति भंग न हो, इसके लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक का आयोजन तहसील परिसर में किया गया। स्थानीय प्रशासन ने शांति समिति की बैठक के दौरान एसडीएम मोइन उल इस्लाम, तहसीलदार सतीशचंद्र वर्मा ने लोगों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निस्तारण के भी आदेश दिए। वहीं एसडीएम ने सभी नगरवासियों से कहा कि इस पवित्र महीने को सभी मिलजुलकर मनाऐं। यदि कहीं पर किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो इसकी जानकारी मुझे दें। आपकी समस्या का तत्काल निस्तारण कराया जाएगा। तो वहीं मुस्लिम समुदाय के एडवोकेट असलम सिद्दीकी, शफीक राईन आदि ने रमजान के दौरान नगर में विद्युत संकट को दूर कराए जाने की मांग की। मौलाना सुल्तान, मौलाना साबिर, कारी उवैश, मौलाना साकिब आदि ने रमजान के महीने में नमाजों के समय पर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराए जाने तथा जुमे के दिन पूरे दिन पानी आपूर्ति किए जाने की मांग की। इसके अलावा बब्लू, इमरान, सुलेमान आदि ने नगर की मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई कराए जाने तथा आवारा सुअरों के विचरण पर रोक लगाए जाने की मांग की। जिस पर एसडीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात कर नगर में विद्युत व्यवस्था दुरूस्त कराने के आदेश दिए। वहीं जल संस्थान के एसडीओ आरएस निरंजन को नगर में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराए जाने के आदेश दिए। इसके अलावा नगर में आवारा जानवरों के विचरण पर रोक लगाए जाने के लिए नगर पालिका के एसआई सुरेश यादव को आदेशित किया गया। इस मौके पर प्रभारी कोतवाल राजेंद्र सिंह यादव, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक सुरेश यादव, सपा नगर अध्यक्ष इकबाल मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष मंसब खां, पूर्व नगर अध्यक्ष थोपन यादव, शफीक राईन, सभासद ललित शुक्ला, पप्पू चैहान, वंशगोपाल सोनी, नारायण सिंह सेंगर, नरसिंह यादव, सुरेश राव डेंगरे, एड. अशरफ अली, अनुराग निरंजन, अहमद राईन, नरेश सोनी, ओमप्रकाश, वसीउर्रहमान सिद्दीकी, पुष्पेंद्र दूरबार, अशफाक राईन, राहुल गुप्ता आदि सहित लगभग एक सैंकड़ा से अधिक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







Leave a Reply