उरई। स्वाॅट टीम द्वारा लगातार की जा रही सुरागरशी के चलते लुटेरों के एक गिरोह को अपने मिशन पर रवाना होते समय मय असलहों के दबोच लिया गया। नवागंतुक पुलिस अधीक्षक ने इस गुडवर्क में शामिल पुलिस कर्मियों की पीठ थपथपाते हुए उत्साहवर्द्धन के लिए उन्हें नगद पारितोषक भी दिया है।
अपराधों में आई तेजी और पुलिस का दबदबा फीका पड़ जाने के आम प्रभाव के बाद खाकी को चैकन्ना होना पड़ा। संदिग्ध लोगों की धरपकड़ की रणनीति बनाकर पुलिस अपने प्रति नकारात्मक धारणा को पोछने की कोशिश में जुटी है। अपनी सक्रियता का सबूत देने के लिए आये दिन एक बड़े गुडवर्क की कहानी सुनाकर बदनाम लोगों को सीखचों के भीतर करने की कवायद में पुलिस तेजी से जुटी है। पुलिस प्रमुख बदल जाने के बाद भी इस सिलसिले को जारी रखते हुए पुलिस ने आज एक लुटेरे गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ने का दावा किया।
पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में नये पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने पत्रकारों को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि स्वाॅट टीम के निरीक्षक वेदप्रकाश चतुर्वेदी ने लुटेरों के गिरोह की पहले से घेराबंदी कर रखी थी। कल जब ये बदमाश किसी वारदात के लिए रवाना हो रहे थे उसी समय रेलवे स्टेशन के नजदीक चतुर्वेदी ने कोतवाली के एसएसआई बृजनेश कुमार व उपनिरीक्षक धनीराम भास्कर और हमराह फोर्स के साथ इनकों दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों में अजीत उर्फ बाॅबी, मनोज कुमार और रविंद्र सिंह निवासीगण ऐर व कल्लू वर्मा निवासी कुईया रोड हरगोविंद मुखिया के गेस्ट हाउस के पास शामिल हैं। उनके कब्जे से 315 बोर के तीन तमंचे, इसी बोर के साथ जिंदा कारतूस, 12 बोर की एक अध्धी और इसके तीन कारतूस बरामद किये गये। इन लोगों ने कोतवाली क्षेत्र में हुई दो लूटों का माल भी अपनी निशानदेही पर बरामद कराया जिसमें मोबाइल, लैपटाॅप व सोने-चांदी के जेवरात शामिल हैं।







Leave a Reply