0 लूट की साढ़े सैतीस सौ की रकम में पुलिस ने डेढ़ सौ की ही दिखाई बरामदगी
0 गुडवर्क को रोमांचक पुट देेने के लिए मुठभेड़ की भी कहानी बखानी
उरई। 7 जून को हाइवे पर कैथेरी के पास मरीज को लूटने वाले बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया है। लिखाई गई रिपोर्ट के मुताबिक बदमाशों ने नगद रकम में तीन हजार सात सौ रुपये लूटे थे। लेकिन पुलिस को उनसे केवल डेढ़ सौ रुपये बरामद हो सके हैं। बदमाशों की गिरफ्तारी को रोचक और रोमांचक बनाने के लिए पुलिस ने अपनी कहानी में मुठभेड़ का तड़का भी लगाया है।
गौरतलब है कि थाना रामपुरा के तिरावली गांव का निवासी सुमित सिंह सेंगर, प्रताप सिंह के साथ अपनी गंभीर बीमारी के इलाज की दवा लेने झांसी जा रहा था। दोनों लोग जिस ट्रक में झांसी जाने के लिए बैठे थे वह ज्यौनार होटल के पास खराब हो गया। मजबूरी में वे लोग वहीं उतरकर दूसरे वाहन का इंतजार करने लगे। इसी बीच तीन अज्ञात लोग पहुंचे जिन्होंने दोनों के सीने पर तमंचा अड़ा दिया। सुमित गिड़गिड़ाया कि उसके पास इलाज की रकम है। अगर यह रकम छीन ली तो वह बिना इलाज के मर जायेगा। लेकिन बदमाश नही पसीजे उन्होंने सैतीस सौ रुपये और बैग छीन लिया जिसमें कपड़े, बैडशीट, घड़ी और मोबाइल चार्जर व दवाई के पर्चें रखे थे। बदमाशों के चले जाने के बाद सुमित ने वापस आकर उरई कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया।
हाइवे पर हुई लूट से उच्चाधिकारियों की लगातार पूंछतांछ जिले के अधिकारियों को झेलनी पड़ रही थी। इस दबाव में पुलिस ने युद्ध स्तरीय सक्रियता बरती। बदमाशों की कोंच मे मौजूदगी का पता चला था। जिसके बाद एसपी के निर्देश पर कोंच इंस्पेक्टर मनवीर सिंह ने उनकी घेराबंदी की। गिरफ्तारी के बाद अपनी तीरंदाजी को बढ़ाने के लिए गुडवर्क को रोमांचक पुट देते हुए पुलिस ने दर्ज किया कि तीनों संदिग्ध कोंच से एट तिराहे की तरफ स्कूटी से आ रहे थे तभी पहले से घात लगाये कोंच इंस्पेक्टर मनवीर सिंह ने मय फोर्स उनको ललकारा जिस पर उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायर करते हुए स्कूटी मोड़कर भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने जाबांजी दिखाई। फायरिंग के बावजूद पीछे हटने की बजाय पुलिस ने भागकर तीनों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से दो 315 बोर तमंचा, एक छुरी, लूट की डेढ़ सौ रुपये की रकम और सुमित का बैग बरामद किया गया। उनकी गिरफ्तारी के बाद सुमित को कोंच में बुलवा लिया गया। जहां उसने तीनों की शक्ल देखने के बाद वारदात उन्हीं के द्वारा की जाने की पुष्टि कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद और पुलिस उपाधीक्षक डाॅ. जंग बहादुर सिंह यादव ने पत्रकार वार्ता करके गाजे-बाजे के साथ इस गुडवर्क का बखान किया। पकड़े गये बदमाशों में विनोद कुमार डकोर थाने के जैसारी कला, दिलीप कुमार मुहाना और किशन केवट कहटा का निवासी है। इनमें किशन का पहले से आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ उरई कोतवाली में चोरी के दो, डकोर में आम्र्स एक्ट का एक और गुंडा एक्ट का एक मुकदमा कायम रह चुका है।







Leave a Reply