कोंच-उरई। ब्रेक डाउन, लो वोल्टेज जैसी भीषण समसयाओं को वर्षों से झेल रहे कोंच के बाशिंदों के अब जाकर अच्छे दिन आये हैं। बीती देर शाम समूची कोंच को यहां नवनिर्मित 132 केवीए बिजलीघर से जोड़ दिये जाने के बाद नगरवासी खुश हैं। रात से ही उन्हें अच्छे वोल्टेज मिलने शुरू हो गये हैं और अब ब्रेक डाउन की भी समस्या से उनका पिंड छूट गया है।
हालांकि लगभग पांच साल पूर्व कोंच में मंजूर 132 केवीए विद्युत उपकेन्द्र को धरातल पर आने में तमाम अड़चनें आईं जिनमें सबसे बड़ी अड़चन बिजलीघर के लिये एक अदद जमीन का टुकड़ा रही, लेकिन अंततोगत्वा लगभग दो माह पहले बिजलीघर बन कर तैयार हो गया और कमोवेश तीन फीडरों को विद्युत सप्लाई चालू भी कर दी गई थी। इसके बाबजूद 132 का 20 एमवीए का दूसरा ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण आधी कोंच की सप्लाई नहीं जोड़ी जा सकी थी। यह स्थिति बीती शाम तक जारी रही और सप्लाई उरई से आने के कारण आधी कोंच को इस दौरान कई दफा ब्रेक डाउन की समस्या से भी जूझना पड़ा और लो वोल्टेज तो भुगत ही रहे थे। तमाम मांगों के बाद ट्रांसमिशन विंग के एक्सईएन रामकृष्ण और एसडीओ आरएन कमल 132 का खराब ट्रांसफॉर्मर मंगाने के लिये सतत् प्रयासरत रहे। लगभग एक सप्ताह पूर्व आये इस ट्रांसफॉर्मर ने बीती शाम काम करना जब शुरू कर दिया तो जेई अमित शर्मा, संजय बाबू ने अपनी तकनीकी टीम के साथ शेष आधी कोंच पर भी सप्लाई डाल दी है। इसके साथ ही कोंच वासियों को लो वोल्टेज और ब्रेक डाउन की समस्या से निजात मिल गई है।







Leave a Reply