माधौगढ़-उरई। स्थानीय मोबाइल सेंटरों पर पायरेसी करके एप्स की डाउनलोडिंग की चैकिंग के लिए छापे मारे गये। आधा दर्जन मोबाइल सेंटर संचालकों से इस मामले में कोतवाली के अंदर जुर्माना वसूली हुई। हालांकि अब यह कहा जा रहा है कि पूरा मामला ठगी का है। ठगी करने वाले गिरोह ने ऐसा जाल बुना कि पुलिस भी जाने अनजाने में उनकी सहयोगी बन गयी। जिससे उनका काम पक्का हो गया।
मंगलवार को पुलिस के साथ अपने आपको मनोरंजन कर सर्किल अलीगढ़ की टीम बताने वाले लोग जीप से मोबाइल सेंटरों पर पहुंचे। डाउनलोडिंग के लिए अनिवार्य कर दिया गया है कि मोबाइल संेटर संचालक मनोरंजन कर विभाग में निर्धारित शुल्क जमा करके लाइसेंस बनवायें। लेकिन किसी मोबाइल सेंटर संचालक ने लाइसेंस हासिल नही किया था। जिसके चलते सेंटर संचालक सकपका गये। टीम के लोगों ने पहले तो उनकी तबियत से लानत-मलामत की इसके बाद वे उन्हें थाने ले गये। थाने में सभी से टीम ने 15-15 हजार रुपये वसूले। इसमें सात हजार रुपये की रसीद मास्टर काॅपी के फार्म पर दी। अन्य रुपये के बारे में उन्होेंने बताया कि अभी तक जो पायरेसी होती रही है उसका जुर्माना है। लेकिन जुर्माने की उन्होंने कोई रसीद नही दी।
टीम के चले जाने के बाद यह छापामारी कस्बे में चर्चा का विषय बन गयी। मनोरंजन कर विभाग का कोई स्थानीय अधिकारी टीम में शामिल नही था। इसलिए मामला पूरी तरह संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस के अधिकारी भी दबी जुबान से स्वीकार कर रहे हैं कि उनसे इस मामले में चूक हुई। वे लोग स्पेशल इन्वेस्टीगेटिव टीम का स्वयंभू परिचय देकर उन्हें झांसा दे गये। जबकि उनको इस मामले में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से आदेश कराना चाहिए था।







Leave a Reply