फॉलोअप-
0 अख्तर की मौत ने खड़े किये सवाल, भीड़ ने घेरा कबूतरों के डेरे को
0 पुलिस न पहुंचती तो घट सकती थी बड़ी घटना
कोंच-उरई। कल शाम आराजी लेन में अख्तर नामक शख्स की शराब पीने से हुई मौत के बाद उग्र भीड़ ने मौका-ए-वारदात से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर कबूतरों के डेरे को घेर कर बबाल काटना जब शुरू किया तो पुलिस के भी हाथ पांव फूल गये। वह तो अच्छा हुआ कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर तत्परता दिखाते हुये डेरों पर पहुंच गई और आशंकित बड़ी घटना टल गई। यहां बड़ा सवाल यह है कि पुलिस की नाक के नीचे अबैध शराब का कारोबार व्यापक पैमाने पर धड़ल्ले से जारी है और यह जहरीली शराब जिंदगियां लीलने में लगी है।
कल शाम अख्तर की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है, इसकी पुष्टि इस बात से भी होती है कि उसकी मौत के बाद सैकड़ों की संख्या इलाकाई लोगों की कबूतरों के डेरों की ओर कूच कर गई और वहां बबाल काटने पर आमादा हो गई। जब इसकी सूचना पुलिस को मिली तो उसके भी हाथ पांव फूल गये और आनन फानन भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और भीड़ को बलपूर्वक वहां से हटाया। सिपाहियों और थानेदारों ने दर्जनों ड्रम लहन भी नष्ट कर दिया। हालांकि भीड़ आती देख डेरों से लोग पलायन कर गये थे लेकिन वहां कुछ महिलायें बची रह गई थीं और उनके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना हो सकती थी। लोगों का कहना था कि अख्तर की मौत कबूतरा डेरा से लाई गई शराब पीने के बाद ही हुई है। पांच दिन पहले एक और शख्स की भी मौत इसी शराब के पीने से हुई थी लेकिन उसके घरबालों ने पुलिस को सूचित किये बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। इलाकाई लोगों का आरोप है कि इन डेरों को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है जिसके चलते ये लोग बैखौफ होकर अबैध शराब का कारोबार करने में लगे हैं। दिलचस्प यह भी है कि कबूतरों की महिलायें खुले आम मुख्य रोड पर बैठ कर शराब की बिक्री करती हैं जिसके चलते वहां शराबियों और अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा ही रहता है। उस रोड पर पड़ने वाले एक डिग्री कॉलेज में सैकड़ों की संख्या में छात्रायें भी पढती हैं और जिन स्पॉट्स पर शराब की बिक्री होती है वहां खड़े शोहदे उन पर फब्तियां कसते रहते हैं। बहरहाल, बड़ा सवाल यह है कि क्या अबैध शराब का यह कारोबार इसी तरह से चलता रहेगा और लोगों की जिंदगियां अख्तर की मौत बन कर रह जायेंगीं।







Leave a Reply