उरई। खरीफ में इस वर्ष भी तिल की खेती को प्रोत्साहन दिया जायेगा। गत् वर्ष कम बारिश के बावजूद तिल की बेहतर पैदावार से खरीफ सीजन में जनपद के किसानों की काफी हद तक सुरक्षा हो सकी थी।
जायसवाल रायल के वातानुकूलित सभागार में बुधवार को कृषि विभाग द्वारा खरीफ गोष्ठी का आयोजन किया गया। खरीफ गोष्ठी के लिए किसानों को दोपहर 12 बजे बुलाया गया था लेकिन आपाधापी के चलते अपरान्ह 2.30 बजे जिलाधिकारी संदीप कौर ने शुभारंभ के प्रतीक के रूप में दीप प्रज्जवलन किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बेहतर मानसून की भविष्यवाणी की गई है जिससे किसानों को अच्छी उम्मीद रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनपद में तिल की खेती खरीफ सीजन में सबसे ज्यादा मुफीद साबित हुई है। प्रतिकूल मौसम के बावजूद कम लागत में तिल की पैदावार का नतीजा भी अच्छा रहता है और इसमें लागत भी ठीक मिल जाती है। उन्होंने किसानों को खरीफ सीजन में बीज, खाद आदि पर शासन द्वारा घोषित प्रोत्साहन का लाभ ईमानदारी से उन्हें दिलाने के निर्देश कृषि, सहकारिता और अन्य विभागों को दिये।
गोष्ठी का संचालन उपनिदेशक कृषि अनिल पाठक ने किया। मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम, कृषि अधिकारी राजकिशोर, उद्यान अधिकारी गमपाल सिंह, अग्रणी बैंक के मुख्य प्रबंधक सिद्धार्थ पाॅल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. एसके शाक्य, बेतवा नहर प्रखंड प्रथम के अधिशाषी अभियंता राकेश वर्मा, द्वितीय के एसपी सिंह, नलकूप विभाग के अधिशाषी अभियंता अखिलेश गौड़, सहायक निबंधक सहकारिता वीरेंद्र बाबू दीक्षित, कृषि वैज्ञानिक राजीव सिंह और एमके सिंह ने किसानों को अपने-अपने विभाग की उनके लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं और उनका लाभ पाने के तरीकों की जानकारियां दी।
सदर विधायक दयाशंकर वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि अखिलेश सरकार ने सूखा प्रभावित बुंदेलखंड के किसानों की मदद के लिए आज तक जितने कदम उठाये उतनी फिक्र किसी अन्य सरकार ने नही की। उन्होंने कहा कि अगर सरकारी तंत्र पारदर्शी तरीके से इन योजनाओं का क्रियान्वयन करे तो किसानों के यहां चमन बरस जायेगा। उन्होंने खरीफ सीजन में किसानों को खाद, पानी, बिजली और बीज आदि की कोई कमी न होने देने के निर्देश अधिकारियों को मुख्यमंत्री की ओर से दिये। उन्होंने कहा कि हमने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे अपने-अपने गांव में इस बात पर नजर रखे कि किसानों को खेती के लिए सरकार द्वारा घोषित सुविधाएं मिल रही है या नही मिल रही है। अगर कोताही की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारी को शासन में रिपोर्ट करके निदेशालय से संबद्ध कराने में वे कोई कसर नही छोड़ेगें।
गोष्ठी को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लम्बरदार, बुंदेलखंड अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन, समाजवादी पार्टी के कालपी क्षेत्र से प्रत्याशी विष्णुपाल सिंह नन्हू राजा व अन्य प्रगतिशील किसानों ने भी संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान योजनाओं में हो रही धांधलियों के बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया साथ ही कई सुझाव भी रखे। गोष्ठी देर से शुरू होने के कारण दूर से आये किसान लौटने के लिए बिलंब होते देख बैरंग वापस हो गये।







Leave a Reply