cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। सेवा निवृत्त कर्मचारी की बाइक की डिग्गी से कोई 25 हजार रुपये की रकम उड़ा ले गया। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस जांच के नाम पर काफी देर तक लकीर पीटती रही लेकिन कोई सुराग उसके हाथ नही लग सका।
सेवा निवृत्त कर्मचारी बद्रीलाल ने आज सुबह स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से 25 हजार रुपये निकाले। बाहर आकर उन्होंने रकम अपनी बाइक की डिग्गी में रख ली। अंदाज है कि कोई बंदा पहले से उनके पीछे लगा था। जिसने उन्हें रकम डिग्गी में रखते तड़ लिया।
इसके बाद बद्रीलाल क्षीर सागर में गैस एजेंसी पर सिलेंडर बुक कराने के लिए बात करने लगे। इसी दौरान सधे पांव आये बंदे ने उनकी डिग्गी खोली और उसमें रखी रकम उठाकर चंपत हो गया। अपनी गाड़ी के पास आने पर बद्रीलाल को अपने साथ हुई टप्पेबाजी का पता चला। पसीने की कमाई इस तरह चली जाने से उन्होंने हताशा में माथा पीट लिया। बाद में कोतवाली पहुंचकर बद्रीलाल ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उनका मुकदमा तो दर्ज नही किया लेकिन टप्पेबाज का पता लगाने का दम भरते हुए इधर-उधर दौड़ धूप की। उसके बाद वापस लौटकर कहा कि अभी तो बदमाश का सुराग नही मिल पाया है लेकिन जल्द ही उसके शिकंजे में फंस जाने की उम्मीद है। जिससे उनकी रकम वापस मिल जायेगी। बद्रीलाल इस दिलासे के बावजूद पुलिस की करतूत जानने की वजह से रंच मात्र भी आश्वस्त नही है। उन्होंने कहा कि कल तक रकम ले जाने वाले पकड़े न गये तो वे एसपी के सामने पहुंचकर फरियाद करेंगे।

Leave a Reply