कोंच-उरई। झांसी मंडलायुक्त के राममोहन राव के कल 18 जून को कोंच तहसील क्षेत्र के संभावित दौरे को देखते हुये तहसील के अलावा पुलिस विभाग के अधिकारी भी चकरघिन्नी बने हुये हैं। जिन संभावित गांवों में जाकर कमिश्नर विकास कार्यों और लोगों को मिलने बाली मूलभूत सुविधाओं को हकीकत परख सकते हैं, उन गांवों में स्थानीय से लेकर जिले स्तर तक के अधिकारी पहुंच कर कमियां दुरुस्त कराने में पसीना फेंक रहे हैं। बीते कल सीडीओ जालौन का दौरा भी इसी नजरिये से देखा जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी में कमोवेश पांच गांवों पर अधिकारियों की नजर केन्द्रित है जिनमें जखौली, पिंडारी, चंदुर्रा, घुसिया और लौना शामिल हैं। इनमें से किसी भी गांव या एकाधिक गांवों का भी दौरा कमिश्नर कर सकते हैं। पुलिस के स्थानीय अधिकारी भी जहां कोतवाली के संभावित निरीक्षण को लेकर कोतवाली की अलमारियों की झाड़ पौंछ कर रजिस्टर करीने से सजाने में लगे हैं, वहीं जो गांव उनके कोतवाली क्षेत्र में लगते हैं, उनमें जाकर फसाद आदि की जड़ों को भी खोद कर देख रहे हैं। कमिश्नर कल कोतवाली में होने बाले समाधान दिवस की भी समीक्षा कर सकते हैं। देखना दिलचस्प होगा कि कमिश्नर का रुख किस गांव की ओर होता है।






Leave a Reply