उरई। गोहन पुलिस ने साढ़े चार लाख रुपये की अवैध देशी शराब जब्त की है। यह शराब मध्यप्रदेश से एक बुलेरो पिकप में लादकर जिले में लाई जा रही थी। बुलेरो को सीज कर दिया गया है। साथ ही चार लोग गिरफ्तार किये गये हैं।
मध्य प्रदेश से नकली देशी शराब की पेटियां लाकर जिले में खपाने की तस्करी अभी भी जारी है जिससे आबकारी विभाग को लाखों रुपये का चूना लग रहा है। नकली देशी शराब के क्वार्टरों पर असली ब्रांड के रेपर चिपका दिये जाते है जिससे ग्राहकों को शक नही हो पाता। गत् दिनों पुलिस ने नकली देशी शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी थी। उस दौरान गिरफ्तार लोगों ने जिले में तस्करी करके देशी शराब खपा रहे दो दर्जन लोगों के नाम उजागर किये थे। लेकिन पुलिस वसूली करके चुप बैठ गई जिससे शराब तस्करी का नेटवर्क छिन्न-भिन्न नही हो सका है।
मध्य प्रदेश की नकली देशी शराब को रामपुरा के रास्ते लाना आसान रहता है। वजह यह है कि यह रोड प्रायः सुनसान रहते हैं। आवागमन कम होने के साथ-साथ इस रोड पर पुलिस भी यदाकदा ही दिखाई देती है। इसलिए सेफ पैसेज मानकर शराब तस्कर इसी रोड का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन आज बदकिस्मती से वे पुलिस के जाल में फंस गये। जबकि पुलिस उनकी आमद की कोई सूचना नही थी। हुआ यह कि गोहन के प्रभारी एसओ शशिभूषण सिंह रुटीन गश्त पर थे। रहावली नहर की पुलिया के पास ऊमरी की ओर से आ रही सफेद बुलेरो पिकप के चालक ने पुलिस की जीप देखकर स्पीड बढ़ा दी। जिससे शशिभूषण सिंह को शक हो गया। उन्होंने अपनी जीप बुलेरो के पीछे लगा दी। लगभग 8-10 किलोमीटर की जीप रेस के बाद सरावन तिराहे पर वे बुलेरो को रोकने में सफल हो गये। उन्होंने बुलेरो की तलाशी ली तो उसमें देशी शराब लदी मिली। बुलेरो में बैठे लोगों को हिरासत मे लेकर शशिभूषण सिंह ने पेटियों की गिनती कराई। बुलेरो में 134 देशी शराब की पेटिया लदी थी। जिनकी कीमत साढ़े चार लाख रुपये आंकी गई। गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वे लंबे समय से मध्य प्रदेश की देशी शराब लाकर जिले में बेचने का धंधा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरा माल थोक में जालौन कस्बे के एक चर्चित तस्कर के यहां उतारा जाना था। पुलिस कई बार इस तस्कर को पकड़ चुकी है। जाना पहचाना नाम होने के बावजूद पुलिस ने उसका खुलासा पत्रकारों के सामने नही किया। जनचर्चा के अनुसार उक्त तस्कर ने थानों से लेकर पुलिस के अफसरों तक को महीना बांध रखा है। जिसकी वजह से पुलिस उसे किसी मुसीबत में न फंसने देने का फर्ज बहुत ध्यान में रखती है।
गिरफ्तार तस्करों में राममिलन निवासी सरसई जनपद दतिया, सुमित कुमार शाक्य निवासी दबोह जिला भिण्ड, अंकित श्रीवास्तव निवासी दौलतपुरा थाना मिहोना जिला भिण्ड और अमित श्रीवास्तव निवासी ग्राम दौलतपुरा थाना मिहोना जिला भिण्ड शामिल हैं। जिस बुलेरो में अवैध शराब लदी थी। उसका मालिक सुमित कुमार शाक्य था।







Leave a Reply