उरई। ठगों के लिए साइबर की दुनियां स्वर्ग बन गई है। पुलिस को साइबर ठगी पर अंकुश लगाने में कोई दिलचस्पी नही है जिसकी वजह से बेखौफ होकर इसके मास्टर माइंड लोगों से रुपये ऐठने के लिए नई-नई तरकीबें आजमाते रहते हैं।
हाल ही में एक टीवी चैनल पर चेहरा पहचानियें प्रतियोगिता के विज्ञापन का प्रसारण शुरू हुआ है। जिसमें सही पहचान करने वाले से कहा जाता है कि वह साथ में दिये गये मोबाइल नं. 7033490358 पर काॅल करके अपना उत्तर बता दें। यह विज्ञापन देखकर पत्रकार मुजीब आलम के सुपुत्र अफजल खांन ने टीवी स्क्रीन पर दिखाया जा रहा चेहरा पहचान कर उक्त नंबर पर रिंग कर दी। उसके उत्तर को सुनकर दूसरी तरफ से बताया गया कि सही उत्तर देने की वजह से तुम प्रतियोगिता में टाटा सफारी गाड़ी जीत गये हो। पहले तुम्हें साढ़े तिरेसठ सौ रुपये की इंट्री फीस स्टेट बैंक आॅफ इंडिया के रितेश रंजन के खाता संख्या 34592716425 में जमा करा दो। इसके बाद उसके नाम से टाटा सफारी जीप की डिलेवरी भेज दी जायेगी।
अफजल ने यह बात अपने अब्बा मुजीब आलम को बताई। थोड़ी देर बाद पहले वाले नंबर से एक वापसी काॅल आई जिसमें पूंछा गया कि उसने खाते में रुपये डाल दिये या नही तो उस आदमी से अफजल ने अपने अब्बा का नंबर बताकर उन्हें पूरी बात बताने के लिए कहा। मुजीब आलम समझ गये कि धोखाधड़ी हो रही है। लेकिन उसे उलझाने के लिए उन्होंने बहलाने वाले जबाव दिये। इस बीच हर घंटे उनके पास काॅल आती रही। बाद में उन्होंने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी को भी इसकी जानकारी दी।
फेक काॅल के जरिये खाता नं., एटीएम नं. लेकर लोगों की बैंक में जमा रकम निकालने के कई मामले साइबर धोखाधड़ी के तहत हो चुके हैं। जाहिर है कि कोई संगठित गिरोह साइबर धोखाधड़ी में सक्रिय रहता है। लेकिन ऐसे मामलों की बाढ़ के बावजूद पुलिस ने माफिया और गिरोह की कोई साइबर श्रेणी नही बनाई है। अगर साइबर माफिया भी सूचीबद्ध होने लगें तो पुलिस उनके पीछे पड़ने को विवश रहेगी। इस मामले को पिछले महीने मंडलीय समीक्षा बैठक के लिए आये प्रदेश के डीजीपी के सामने भी उठाया गया था। लेकिन उन्होंने भी इसे बेहद हल्के में लेकर नजरअंदाज कर दिया। साइबर क्राइम के जरिये बैंक खातेदारों के ठगे जाने के मामले बढ़े तो लोगों का विश्वास बैंकों से उठ जायेगा। इस खतरे को जानते हुए भी प्रदेश का प्रशासन इसमें अंकुश के लिए कोई संजीदगी नही दिखा रहा।







Leave a Reply