0 सत्ता में बापिसी के लिये सपा को सरकार के कामों के साथ संगठन पर भी है पूरा भरोसा
konch1कोंच-उरई। हालांकि अभी यूपी विधानसभा चुनाव में खासा वक्त है लेकिन परोक्ष रूप से देखा जाये तो सत्ताधारी सपा अंदरखाते अपने कील कांटे दुरुस्त करने में लगी है। पार्टी को लगता है कि मजबूत संगठन और सरकार के कामों की बदौलत वह 2017 में फिर से धमाकेदार वापिसी करने बाली है। आज यहां शासन द्वारा नामित पालिका सभासद राघवजी गुर्जर के आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान सपा जिलाध्यक्ष चैधरी धीरेन्द्र यादव ने दावा किया है कि उन्होंने खुद गांवों में जाकर देखा है कि लोग सरकार की योजनाओं से पूरी तरह से संतुष्ट हैं और लोगों का रुझान सपा की ओर बढा है।
सपा जिलाध्यक्ष यादव ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां संगठन स्तर से लगभग पूरी कर ली गई हैं, थोड़ी बहुत कमी वैसी यदि है भी तो उनके पास पर्याप्त वक्त हैं खाली स्थान भरने के लिये। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक एक कार्यकर्ता समर्पण की भावना के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जता भी दिया है कि मिशन 2017 की फतह का ज्यादातर दारोमदार उन्हीं की मेहनत पर टिका है। सपा अध्यक्ष ने कहा है कि चुनाव पूर्व सपा ने जनता से जो वायदे किये थे वे सभी पूरे किये हैं क्योंकि सपा की कथनी और करनी में फर्क होता ही नहीं है। गरीबों, मजदूरों, किसानों, छात्रों और महिलाओं की बेहतरी के लिये सरकार ने जो योजनायें बनाई हैं उनका क्रियान्वयन ठीक ढंग से होने के कारण जनता उनका भरपूर लाभ ले रही है और सपा की दोबारा सत्ता में बापिसी की तलबगार है। संगठन के कील कांटों की दुरुस्ती के सवाल पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने बूथ लेबिल तक पार्टी का मजबूत और समर्पित संगठन खड़ा कर दिया है, कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने और लोगों को पार्टी के प्रति लाने के लिये अभी से लग गये हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन के लिये महत्वपूर्ण है और उनसे कह दिया गया है कि यदि कोई अधिकारी उनकी नहीं सुनता है तो उसके बाबत उन्हें बतायें, अधिकारी की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री से की जायेगी और उसे जिले में नहीं रहने दिया जायेगा।
उन्होंने केन्द्र की भाजपा सरकार पर भी तीखे कटाक्ष किये, कहा कि यह झूठों का गैंग है, लोकसभा चुनाव में जनता को सब्जबाग दिखा कर उनका वोट लूट लिया और सरकार बनने के दो साल बाद भी एक भी वायदा धरातल पर नहीं आया है जिसके चलते जनता का भ्रम टूटा है। उन्होंने ऊर्जा के क्षेत्र में जब यूपी सरकार की उपलब्धियां गिनानी शुरू की तो पत्रकारों ने उन्हें जिले की बदहाल सड़कों के मुद्दे पर घेर लिया और उन्हें लाजबाब कर दिया। हालांकि उन्होंने कोंच-जालौन रोड जैसी कतिपय सड़कों के नाम निर्माणाधीन होने की फेहरिश्त में गिनाने की कोशिश की लेकिन कोंच को जिला मुख्यालय से जोडने वाली बुरी तरह जर्जर सड़क के मुद्दे पर उन्हें मौन ही ओढना पड़ा। इस दौरान सपा नगर अध्यक्ष गुफरान अहमद सिद्दीकी, सभासद राघवजी गुर्जर, अशोक गुर्जर, राजेन्द्र चमरसेना, महेन्द्रसिंह गुर्जर, महेन्द्र चंदेरिया, आकाश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply