उरई। राजमार्ग के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर वाणिज्य कर विभाग के व्यवसायिक कर अधिकारी धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को छापेमारी की जिससे मार्केट में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान बड़े से बड़े व्यापारी के यहां भी बिलबुक नही मिली। इसके बावजूद चेतावनी मात्र देकर व्यवसायिक कर अधिकारी ने उन्हें निपटा दिया।
जिले में वाणिज्य कर की वसूली लक्ष्य से काफी पिछड़ी हुई है। इसे लेकर कई बार समीक्षा बैठक में डीएम और एडीएम की लताड़ भी वाणिज्य कर अधिकारियों को झेलनी पड़ी। लेकिन वे कर चोरी करने वाले व्यापारियों के खिलाफ निहित स्वार्थों की वजह से सक्रिय नही हो पा रहे हैं। वैट लागू होने के दौरान कहा गया था कि हर व्यापारी को अपने सामान की बिक्री का पक्का बिल ग्राहकों को देना होगा। लेकिन यह फरमान हवा-हवाई हो गया। जिला अस्पताल के गेट के अगल-बगल में और डाॅक्टर आरके शर्मा के सामने मेडिकल स्टोर हर रोज दसियों हजार की दवाएं बेंचते हैं लेकिन किसी ग्राहक को बिल नही दिया जाता। बड़े कपड़ा व्यापारियों को भी बिल काटने की कोई परवाह नही है। भगत सिंह चैराहे के पास गारमेंट व अन्य सामान बेचने वाले सिंधी व्यापारियों का कारोबार हर महीने लाखों रुपये का है लेकिन कोई बिल नही देता। बिल न देने की वजह यह भी है कि डुप्लीकेट माल पर मशहूर ब्रांड के छापे लगाकर बेचने में इन व्यापारियों को महारथ हासिल है।
वाणिज्य कर चोरी की इस पराकाष्ठा की वजह से लखनऊ तक के अधिकारी जिले के वाणिज्य प्रशासन से कुपित हो चुके हैं। उनके डंडे के डर की वजह से ही आज धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने अपने दफ्तर की मांद से निकलकर दुकानों के निरीक्षण का स्वांग किया। उन्होंने जहां भी पूंछा कोई व्यापारी उन्हें बिलबुक उपलब्ध नही करा सका। फिर भी उन्हें सुस्वादु नाश्ते के साथ कर चोर व्यापारी का ठंडा सुड़कने की वजह से तांव नही आ पाया। उन्होंने हर जगह मुस्कराहट भरी चेतावनी के साथ अपनी कार्रवाई की इतिश्री की। पूंछने पर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने कदौरा में तीन व्यापारियों से बिलबुक न होने के कारण 10-10 हजार रुपये जुर्माना वसूला था।






Leave a Reply