0 चार गांवों के दौरों में कमिश्नर को कई जगह मिली खामियां
0 ग्राम जखौली में डीएसओ, लेखपाल, सेक्रेटरी को कड़ी चेतावनी
कोंच-उरई। मंडलायुक्त झांसी के राममोहन राव ने शनिवार को कोंच तहसील के चार गांवों का दौरा कर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं में पात्रों को मिलने बाले लाभ की समीक्षा की जिसमें कई जगह उन्हें खामियां नजर आईं जिन्हें लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी और कईयों को प्रतिकूल प्रविष्टि तो कुछ के वेतन रोके जाने की संस्तुति की। ग्राम जखौली में तमाम गरीब पात्र गृहस्थियों में आने से चूक जाने पर उन्होंने डीएसओ को कड़ी चेतावनी दी तो वहीं सेक्रेटरी तथा लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि दिये जाने की सिफारिश की। कमिश्नर ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि सरकार द्वारा जो भी योजनायें गरीबों के लिये चलाई जा रही हैं उनका लाभ सभी गरीबों को मिलना चाहिये, इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
कमिश्नर झांसी के राममोहन राव का पहला पड़ाव आज तहसील कोंच के ग्राम पिंडारी में रहा नहां ग्राम प्रधान कृष्णकुमार निरंजन ने मंडलायुक्त, एसपी एके त्रिपाठी, सीडीओ एसपी सिंह, एडीएम आनंदकुमार, सपा जिलाध्यक्ष चैधरी धीरेन्द्र यादव को बुके देकर उनका स्वागत किया। पाठशाला में लगाई गई चैपाल में उन्होंने अंत्योदय के 55 कार्डधारकों को दी जाने वाली राहत सामग्री के बाबत ग्रामीणों से पूछा तो बताया गया कि सभी को राहत पैकिट मिले हैं। पात्र गृहस्थियों की 181 की सूची बताई गई तो तमाम लोग फट पड़े, उनका कहना था कि वे लोग गरीब हैं लेकिन उनके नाम पात्र गृहस्थी की सूची में नहीं जोड़े गये हैं जिससे वे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। इस पर कमिश्नर ने सेक्रेटरी को काफी लंबा किया, कहा कि भले ही पात्र गृहस्थियों का प्रतिशत निर्धारित से भी ऊपर तक क्यों न चला जाये, कोई भी गरीब छूटना नहीं चाहिये। कमिश्नर ने यह भी ग्रामीणों से पूछा कि जो लोग पात्र गृहस्थी में शामिल हैं क्या उन्हें सफेद स्लिप दी गई है तो सारे ग्रामीणों ने एक सुर में नहीं में जबाब दिया जिस पर कमिश्नर ने डीएसओ और सेक्रेटरी को काफी लंबा किया और डीएसओ से पूछा कि क्यों न उनके विरुद्घ कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि जो भी ऐसे लोग हैं जो बाकई गरीब हैं और पात्रता सूची में नहीं आ पाये हैं उन्हें तत्काल जोड़ा जाये। पट्टों की नाप या चकरोड आदि पर अबैध कब्जों को लेकर आईं शिकायतों पर भी कमिश्नर लाल दिखे और लेखपाल को फटकार लगाते हुये प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश किये। कोटेदार के छह माह से मेडिकल होने की आई शिकायत पर उन्होंने कहा कि उसे एक सप्ताह की नोटिस देकर उसके काम पर लौटने के बाबत पूछा जाये, अन्यथा की स्थिति में खुली बैठक करके कोटा किसी और के नाम आवंटित कर दिया जाये। यहां दिलचस्प यह रहा कि एक मसले पर दो पक्ष कमिश्नर के सामने ही भिड़ गये और जमकर तू-तड़ाक की भाषा का जब इस्तेमाल किया तो कमिश्नर ने उन्हें डपट कर चुप कराया। इस दौरान वहां मौजूद सपा जिलाध्यक्ष चैधरी धीरेन्द्र यादव ने कहा कि सरकार ने गरीबों के लिये तमाम योजनायें चला रखीं हैं जिनका लाभ उन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अधिकारियों की है, यदि उन्होंने ठीक ढंग से काम नहीं किया तो मुख्यमंत्री से उनकी शिकायत की जायेगी।
इधर, ग्राम पिंडारी, चंदुर्रा और घुसिया में भी चैपाल लगा कर कमिश्नर ने उपरोक्त योजनाओं का सत्यापन किया जिनमें छिटपुट खामियां मिलने की दशा में उन्होंने संबंधित लोगों को एक सप्ताह के भीतर काम पूरा कर लेने की चेतावनी दी। पिंडारी की महिला प्रधान डिंपल पालीवाल ने अधिकारियों को बुके देकर उनका स्वागत किया। कमिश्नर ने मनरेगा, समाजवादी पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, विकलांग पेंशन आदि के बारे में जानकारी करने के बाद जब राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों से पूछा तो एक सुर में लोगों ने कोटेदार द्वारा वितरण में व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी करने और सामग्री नहीं बांटने की शिकायत की जिस पर कमिश्नर ने कोटेदार श्रीधर के बेटे अनुज जो कोटे का संचालन करता है, को जमकर फटकार लगाई और पुलिस की गाड़ी में बिठलवा दिया, हालांकि बाद में उसे कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। यहां खाद्य सुरक्षा योजना में दो दर्जन लोगों के नाम छूट जाने की बात सामने आने के बाद यहां भी उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को लंबा किया। गांव में स्थापित 64 हैंडपंपों में 4 के खराब होने की शिकायत पर जल निगम अभियंता को 15 दिन में रीबोर कराने के निर्देश दिये। उन्होंने चंदुर्रा और घुसिया में में भी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति देखी। चंदुर्रा में आंगनबाड़ी केन्द्र के संचालन से नाखुश दिखे कमिश्नर ने सीडीपीओ को व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी। घुसिया में चकरोडों पर मिट्टी नहीं डाले जाने की शिकायत पर पंचायत सेक्रेटरी व लेखपाल को पंद्रह दिन में काम पूरा कराने के निर्देश दिये। इस दौरान एसडीएम गोरेलाल शुक्ला, तहसीलदार भूपाल सिंह, सीओ अवधेशकुमार शुक्ल, डीएसओ गिरीश शुक्ला, पीडी चित्रसेन, एसएचओ कोंच मनवीर सिंह, एसओ एट वीरेन्द्रसिंह, बीडीओ गणेशप्रसाद, बीएसए पीके पांडे, नायब तहसीलदार अमरसिंह, एसडीओ विद्युत ग्रामीण नरेन्द्र प्रकाश सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






Leave a Reply