cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। पंप कैनाल भले ही जिले में विश्वसनीय साबित न हो पाई हो लेकिन अभी भी इसके लाॅलीपाप से किसानों को बहलाया जा रहा है। कालपी क्षेत्र में सूरज कुंड पर गत् वर्ष यमुना का पानी सिचाई के लिए लिफ्ट करने हेतु नई पंप कैनाल योजना को मंजूरी दी गई थी। यह पंप कैनाल खरीफ की बुबाई सीजन में जैसे-तैसे शुरू करा दी जाये। इसके लिए शासन पूरा जोर लगा रहा है।
कालपी क्षेत्र में मैनूपुर और चंदरसी पंप कैनाल परियोजनाएं वर्षों पहले निर्मित हो चुकी हैं। लेकिन किसानों के लिए व्यवहारिक तौर पर इनका अर्थ बीरवल की खिचड़ी से ज्यादा कुछ नही रहा। मैनूपुर पंप कैनाल के कमांड क्षेत्र के दूर वाले इलाके में तो कभी सिचाई हो ही नही पाई। नतीजतन किसानों ने इनकी गूलें बखरकर उनका अस्तित्व समाप्त कर दिया। चंदरसी पंप कैनाल योजना भी लंबे समय तक बीमार रही। बुंदेलखंड पैकेज से जब इसके लिए नई लिफ्टर मशीन और जेनरेटर की व्यवस्था की गई तब कुछ सहारा किसानों को इसने दिया। लेकिन यह सहारा नाकाफी होने से दिलासे भर का रहा। इसी कारण किसानों को सिचाई के लिए इसके कमांड क्षेत्र में दूसरे वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
इसके बावजूद असिंचित क्षेत्र के लोगों को पंप कैनाल योजना का लाॅलीपाप संजीवनी बूटी की तरह दिखाया जाता है। जिले में दो स्थानों पर पंप कैनाल की प्रबल मांग काफी पहले से हो रही थी। जिनमें से एक सलाघाट पंप कैनाल योजना को अभी तक साकार रूप नही मिल पाया है। लेकिन पूर्व कलेक्टर रामगणेश की कोशिशों की वजह से सूरज कुंड पंप कैनाल को स्वीकृति गत् वर्ष मिल गई थी। मुख्यमंत्री की मंशा को देखते हुए गुरुवार को मुख्य सचिव आलोक रंजन ने जिलाधिकारी संदीप कौर से इसके कार्य की प्रगति के बारे में पूंछा और उन्हें आगाह किया कि वे व्यक्तिगत रूप से इसकी निगरानी करें तांकि खरीफ की बुबाई के दौरान प्रस्तावित पंप कैनाल परियोजना के कमांड क्षेत्र के किसानों को इसके लाभ का अनुभव हो सके। चुनावी वर्ष होने से राज्य सरकार का विचार है कि अगर समय रहते यह पंप कैनाल परियोजना शुरू हो जाती है तो कालपी क्षेत्र के मतदाताओं से उसे चुनाव में वोटों का वरदान जरूर मिलेंगा।

Leave a Reply