कोंच-उरई। पिछले दिनों जीआईसी उरई में आयोजित विज्ञान संगोष्ठी में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में धंजा पूर्व माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रोशनी कुशवाहा को मिले पहले स्थान पर इलाके के लोगों ने उसे बधाइयां दी हैं। इसी के साथ विद्यालय ने भी उक्त छात्रा को स्कूल स्तर पर सम्मानित किया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामशंकर छानी ने बताया है कि जिन प्रतियोगिताओं में शहरों के पब्लिक स्कूलों के बच्चे सहभागिता करते हैं उनके बीच धुर देहात इलाके की इस छात्रा ने कीर्तिमान स्थापित कर यह साबित कर दिया है कि कीचड़ में भी कमल खिलते हैं।
विकास खंड नदीगांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय धंजा में संयोजित सादे समारोह में स्कूल के प्रधानाध्यापक रामशंकर छानी तथा अन्य टीचर्स स्टाफ ने कक्षा आठ की छात्रा रोशनी कुशवाहा को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। छानी ने स्कूल के अन्य बच्चों को भी कड़े परिश्रम के परिणामों के बारे में बताते हुये कहा कि जिस तरह आज रोशनी ने जिला स्तर पर आयोजित विज्ञान संगोष्ठी में पहला स्थान प्राप्त कर जिले में विद्यालय का नाम रोशन किया है उसी प्रकार गत वर्ष जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा मंडल स्तरीय अंत्याक्षरी प्रतियोगिता में भी इस विद्यालय ने शील्ड उठाई थी। उन्होंने रोशनी के उत्वल भविष्य की कामना करते हुये अन्य बच्चों को भी कठोर परिश्रम करने की नसीहत दी। इस मौके पर देवेन्द्र, रामेन्द्र, ऋचा यादव, ऋषि, जितेन्द्र आदि मौजूद रहे।







Leave a Reply