15orai03 15orai01 15orai02उरई। स्वाधीनता दिवस के दिन भोर से ही बारिश की झड़ी लग गई। इसके बावजूद जश्ने आजादी को धूमधाम से मनाने के लोगों के जज्बे में कोई कमी नही आई। सभी सरकारी कार्यालयों में विभागाध्यक्षों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराये। स्कूलों, राजनैतिक पार्टियों के कार्यालयों और निजी प्रतिष्ठानों पर भी जोश-खरोश के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
स्वाधीनता दिवस आज भींगते मौसम के बीच मनाया गया। लेकिन लोगों ने इसके बावजूद भीगने की परवाह न करते हुए स्वाधीनता दिवस की भोर से ही जोरदार अगवानी की। सुबह प्रतिष्ठित लोगों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने माहिल तालाब से भारत माता की जय-जय करते हुए प्रभातफेरी निकाली। इस दौरान महात्मा गांधी, शहीदे आजम भगत सिंह और उनके साथियों, बाबा साहब डाॅक्टर अंबेडकर आदि राष्ट्रीय महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया।
एल्ड्रिच स्कूल द्वारा हर साल की तरह रन फाॅर यूनिटी का आयोजन किया गया जिसमें स्कूली छात्र-छात्राओं ने मौसम की चुनौती की परवाह न करते हुए बढ़-चढ़कर उत्साह दिखाया। टाउन हाॅल से अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। एल्ड्रिच के प्रबंधक इं. अजय इटौरिया, सभासद लक्ष्मण दास बाबानी, दूरदर्शन संवाददाता संजय गुप्ता आदि संभ्रात लोग भी रैली में शामिल रहे। देश भक्ति के गानों पर बजते डीजे के बीच भारत माता जिंदाबाद के नारे लगाते छात्र-छात्राएं तिरंगा लहराते हुए जब सड़कों से गुजरे तो लोग देश भक्ति की भावना से आप्लावित हो उठे। रैली का समापन डीवी काॅलेज के पुस्तकालय सभागार में हुआ।
उधर कलैक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संदीप कौर ने प्रातः 8.30 बजे ध्वजारोहण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट आलोक यादव और अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। डीएम ने इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों से राष्ट्रीय आजादी का बल देने के लिए निष्ठा और अनुशासन के साथ काम करने की अपील की।

Leave a Reply