उरई। स्वाधीनता दिवस पर बुंदेलखंड दलित अधिकार मंच और सहयोगी संगठनों ने दलित, वंचित और महिलाओं के सम्मान के लिए चलो गांव की ओर अभियान की शुरूआत की। इस उपलक्ष्य में शहर में जोरदार मार्च निकाला गया और जिसके बाद अंबेडकर चैराहे पर सभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए मंच के संयोजक कुलदीप कुमार बौद्ध ने कहा कि बुंदेलखंड के गांवों में बाल्मीकि समाज की महिलाएं मैला सिर पर ढोने को मजबूर हैं। सवर्णों के साथ पंगत में बैठ जाने पर दलित समाज के व्यक्ति की नाक काट ली जाती है। नीति आयोग की रिपोर्ट ने खुलासा किया है कि बुंदेलखंड में स्कूलों में बच्चों के लिए मिडडे मील योजना छुआछूत की भेंट चढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी अगर दलित समाज को अमानवीय स्थितियों में जीना पड़ रहा है तो उनके लिए स्वतंत्रता का क्या मूल्य है। बौद्ध ने कहा कि यह यात्रा गांव-गांव में पहुंचकर दलितों को अपना सम्मान और अधिकार हासिल करने के लिए तैयार करेगी।
बुंदेलखंड पिछड़ा अधिकार मोर्चा के अध्यक्ष शिवराम पाल ने कहा कि पिछड़ी जातियों के लोगों को उस धार्मिक आस्था के सम्मोहन से बचना होगा जो उनके साथ अपमान और उपेक्षा का व्यवहार करने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि पिछड़ी जाति के लोगों को आरक्षण की रक्षा के लिए दलितों के साथ खड़े होकर लड़ाई लड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरक्षण खत्म करने की मांग करने वालों को बल मिला तो दलितों का केवल 21 प्रतिशत का नुकसान होगा लेकिन पिछड़ों के 27 प्रतिशत प्रतिनिधित्व का भी सफाया कर दिया जायेगा। उन्होंने पिछड़ों से अपनी आबादी के अनुपात में कम से कम 50 प्रतिशत आरक्षण के लिए आवाज उठाने की अपील की।
नूर मोहम्मद, नीलिमा, प्रीति, दिव्या, कल्पना बौद्ध, अनीता, संतोष कुमार आदि तमाम अन्य वक्ताओं ने सामाजिक भेदभाव के कई आंखे खोलने वाले दृष्टांत बताकर तथाकथित सामाजिक समरसता को आइना दिखाने में कोई कसर नही छोड़ी।







Leave a Reply