0 भाजपा ने मशाल जुलूस, बद्रीप्रसाद कॉलेज ने कैंडिल मार्च निकाल दी शहीदों को श्रद्धांजलि
कोंच-उरई। पूरब से उठे तूफान और पश्चिम से उठी आजादी के जश्न की आंधी का मिलन जब बीच में ऐतिहासिक स्मारक पर हुआ तो जश्न में डूबे दीवानों की दीवानगी देखने लायक थी। वंदेमातरम् और भारत माता की जय के गगनभेदी उद्घोषों ने यह घोषणा की कि देश की आजादी को अक्षण्ण रखने का जज्वा युवाओं में मौजूद है और इन युवाओं ने यह संदेश भी देने का प्रयास किया कि अगर जरूरत पड़ी तो हंसते हंसते वे केसरिया बाना पहन कर देश के दुश्मनों के छक्के छुड़ाने में पीछे नहीं रहेंगे।
नगर के पूर्वी इलाके एसआरपी इंटर कॉलेज के समीप से आजादी की पूर्व संध्या पर सैकड़ों की संख्या में भाजपाई हाथों में मशाल थामे वंदेमातरम् का उद्घोष करते हुये किसी आंधी की तरह शहर के अंदर की ओर बढ रहे थे तो वहीं पश्चिम में अवस्थित भारत माता मंदिर से सेठ बद्रीप्रसाद स्मृति महाविद्यालय के संयोजकत्व में सैकड़ों युवा भी उसी दिशा में कैंडिल हाथों में लिये आजादी के जोश और जज्वे से लबरेज बढते जा रहे थे। सभी की जुबान पर भारत माता की जय, वंदेमातरम् का उद्घोष था। दोनों ज्वार जब ऐतिहासिक स्मारक चंदकुआ पर स्थित प्रथम स्वाधीनता समर की अग्रदूत महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के नीचे पहुंचे तो वहां ऐसा लगा जैसे जश्न की सुनामी आई हो। दोनों ओर का ट्रैफिक भी वहां थम गया और महारानी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद एक शाम शहीदों के नाम सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति के गीतों ने युवाओं में जोश भरने का काम किया। अन्नू द्वारा गाये मेरा रंग दे बसंती चोला गीत पर तो मानो युवाओं का रोमांच खड़ा हो गया और वे अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, सरदार भगतसिंह, सुखदेव और राजगुरु को याद करते हुये जोश में भर कर नाचने लगे। अभिषेक रिछारिया ने श्वंदेमातरम् वंदेमातरम््य पूरे जोश के साथ गाकर युवाओं में भी जोश भरता रहा। रंगकर्मी वीरेन्द्र त्रिपाठी, नरोत्तम स्वर्णकार आदि ने भी कई देशभक्ति से ओतप्रोत गीत गाकर आजादी के पर्व की इस शाम को यादगार बनाने का काम किया। संचालन डॉ. मृदुल दांतरे ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक संतरामसिंह सेंगर, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मूलचंद्र निरंजन, नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सुनीलकांत तिवारी, सुनील शर्मा, अमित उपाध्याय, नरेश वर्मा, अनुरुद्ध मिश्रा, रामखिलावन निरंजन, बद्रीप्रसाद के एमडी आशुतोष हूंका, कोऑर्डीनेटर कन्हैया नीखर, अतुल शर्मा, संजय सिंघाल, कमलेश अग्रवाल, कमलेश चोपड़ा, डॉ. वसीम, डीके सोनी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इधर, आज भाजपा की तिरंगा यात्रा शुरू हुई, बजरिया इलाके में निकाली गई यह यात्रा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निर्देश पर केन्द्र सरकार की उपलब्धियां लोगों को बताने के लिये निकाली गई है।







Leave a Reply